Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर: सेमरी के पास लोडिंग ऑटो से टकराया भोपाल से लौट रहे युवकों का वाहन, दो मौत से शोक में डूबा नगर

सोहागपुर के सेमरी के पास सड़क हादसे में गांधी वार्ड निवासी दो युवकों की मौत हो गई। भोपाल से लौटते समय उनकी गाड़ी लोडिंग ऑटो से टकरा गई थी। पुलिस ने दोनों घायलों को माखन नगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में वाहनों में तेज रोशनी वाली मरकरी लाइट पर प्रतिबंध लगाने की मांग फिर उठी है।
सोहागपुर: सेमरी के पास लोडिंग ऑटो से टकराया भोपाल से लौट रहे युवकों का वाहन, दो मौत से शोक में डूबा नगर
फाइल फोटो

सोहागपुर। सेमरी के समीप बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में सोहागपुर के गांधी वार्ड निवासी दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सलाम उर्फ समीर पिता सलीम खान, उम्र 24 वर्ष तथा फरीद पिता नईम खान, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों युवकों का मंगलवार को सोहागपुर में सुपुर्देखाक किया गया। इस दुखद घटना से गांधी वार्ड सहित नगर में शोक का माहौल है।

पुलिस ने घायलों को माखन नगर अस्पताल  पहुंचाया

 पुलिस के अनुसार दोनों युवक भोपाल से लौट रहे थे, इसी दौरान सेमरी के समीप मजार के पास उनका वाहन एक लोडिंग ऑटो से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सेमरी पुलिस चौकी के आरक्षक अतुल शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए 112 एवं 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को माखन नगर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरक्षक अतुल शर्मा के मुताबिक हादसे में दोनों युवक अत्यंत गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें एक युवक का पैर भी टूट गया था। एसआई गणेश राय ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम माखन नगर में कराया गया है। मार्ग डायरी प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मरकरी लाइट पर प्रतिबंध की मांग फिर उठी

क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के बीच वाहनों में लगाई जा रही तेज रोशनी वाली मरकरी लाइट भी चिंता का विषय बनी हुई है। वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी के कारण कई बार सड़क दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। मरकरी लाइट पर प्रतिबंध लगाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। नागरिकों का मानना है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर ऐसी तेज रोशनी वाली लाइटों पर नियंत्रण और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts