प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, इंदौर-भोपाल में मकानों की तोड़फोड़ पर उठाए सवाल

भोपाल। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इंदौर और भोपाल में मकानों की तोड़फोड़ की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रदेश में भू-माफिया, अवैध कॉलोनियों और प्रशासनिक लापरवाही की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
तोड़फोड़ से उजड़े परिवारों को तत्काल राहत मिले
पटवारी ने कहा कि इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों की तोड़फोड़ से लोगों की वर्षों की जमा पूंजी और जीवनभर की मेहनत मलबे में बदल गई। कई परिवारों के पास रजिस्ट्री थी और वे संपत्ति कर भी चुका रहे थे। कुछ मकानों पर बैंक ऋण भी चल रहा था। भोपाल के छेराखाना स्थित जनता क्वार्टर में 600 में से 599 मकान तोड़े गए, जिससे करीब 3,000 लोग प्रभावित हुए हैं।
किराया सहायता और कर्ज में राहत देने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास दिया जाए और पुनर्वास होने तक बाजार दर के अनुसार किराया सहायता मिले। जिन मकानों पर बैंक ऋण चल रहा है, उनके लिए किस्तों में राहत और ऋण पुनर्गठन की व्यवस्था की जाए। मकान, दुकान, घरेलू सामान और आजीविका के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। बेदखली से पहले बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों की सुरक्षा और परिवारों की आर्थिक स्थिति का भी आकलन अनिवार्य किया जाए।
25 साल की अवैध कॉलोनियों की जांच हो
पटवारी ने पिछले 25 वर्षों में विकसित अवैध कॉलोनियों, जमीन की खरीद-बिक्री, भवन अनुमतियों और भूमि स्वामित्व विवादों की समयबद्ध जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीन बेचने वाले कॉलोनाइजरों, अनुमति देने वाले अधिकारियों और संरक्षण देने वाले जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। जिन कॉलोनियों में लोग मकान बनाकर रह रहे हैं, उनकी सूची सार्वजनिक कर नागरिकों को कानूनी सहायता और समाधान का अवसर दिया जाए।
भू-माफिया और राजनीतिक संरक्षण पर सवाल
पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनियों के पीछे प्रभावशाली भू-माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन बिक रही थी, रजिस्ट्री हो रही थी और मकान बन रहे थे, तब प्रशासन कहां था? बैंक ऋण और संपत्ति कर वसूली के दौरान जमीन की वैधता की जिम्मेदारी किसकी थी?
मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रकोष्ठ बने
पटवारी ने मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रदेश स्तरीय आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मकान तोड़ने से पहले मानवीय एवं सामाजिक प्रभाव का आकलन हो और भू-माफिया के बजाय उनके शिकार नागरिकों को सजा न मिले। शहर का विकास नागरिकों को उजाड़कर नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देकर मापा जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: 'तुम्हारा चाचा चोर है' कहकर चिढ़ाने वाले लड़के को प्रियंका गांधी ने स्कूल में जड़ दिया था थप्पड़




















