Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पाकिस्तान की मदद की: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गुजरात पर नजर रख रहे थे चीन के 3 निगरानी उपग्रह, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

दिगंतरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन निगरानी उपग्रहों ने भारत के पश्चिमी तट, खासकर गुजरात के सामरिक और व्यावसायिक ठिकानों पर नजर रखी। इनकी निगरानी के दायरे में भुज, नालिया, जामनगर, रिलायंस की रिफाइनरी और प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठान शामिल थे।
पाकिस्तान की मदद की: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गुजरात पर नजर रख रहे थे चीन के 3 निगरानी उपग्रह, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
फाइल फोटो।

नई दिल्ली। चीन पाकिस्तान की मिलिट्री मदद लगातार कर रहा है। इसका सबूत ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी मिला था। इसका खुलासा इस तथ्य से होता है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सामरिक गतिविधियों पर चीन के निगरानी उपग्रहों की नजर थी। भारतीय अंतरिक्ष सविर्लेंस और इंटेलिजेंस कंपनी दिगंतरा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले साल भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान चीन के तीन निगरानी उपग्रह लगातार भारत के पश्चिमी तट के ऊपर सक्रिय रहे। इनकी गतिविधियां विशेष रूप से गुजरात के आसपास देखी गईं।

यह भी पढ़ें: दिखा चीन का गुप्त शेनलोंग स्पेसप्लेन, चीन कर सकता है पथ्वी की कक्षा में स्थापित, किया जा सकता है मिलिट्री इस्तेमाल  

7 मई 2025 को उपग्रहों ने बदली अपनी कक्षा

रिपोर्ट में चीनी उपग्रहों की गतिविधियों को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक, इन उपग्रहों ने 7 मई 2025 को अपनी कक्षा में बदलाव किया था। इसी दिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। दिगंतरा के विश्लेषण के अनुसार कक्षा में बदलाव के बाद इन उपग्रहों की भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर नजर रखने की क्षमता और निगरानी का दायरा बढ़ गया था। भारत और पाकिस्तान के बीच यह संघर्ष कुल चार दिनों तक चला था।

पहलगाम हमले से पहले भी चीनी उपग्रहों की असामान्य गतिविधियां

दिगंतरा की रिपोर्ट में पहलगाम आतंकी हमले से पहले की उपग्रह गतिविधियों का भी जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले से कुछ दिन पहले चीनी उपग्रहों ने पहलगाम क्षेत्र के ऊपर कई बार असामान्य गतिविधियां की थीं। इन गतिविधियों को इलाके की निगरानी से जोड़कर देखा गया है।

 हाई रिज पिक्चर्स ले सकता है सैटेलाइट

दिगंतरा की रिपोर्ट के अनुसार चीन के निंगक्सिया-14, गाओफेन-11 और याओगन-30 उपग्रहों ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना और वायु सेना के ठिकानों की निगरानी की। रिपोर्ट में सैटेलाइट याओगन-43 01G का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि चीनी उपग्रहों में हाई-रिजोल्यूशन विजुअल इमेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस जुटाने की क्षमताएं मौजूद हैं लेकिन, याओगन-43 01G खास तौर पर काफी ज्यादा हाईटेक है।

इन जगहों पर थी नजर

निगरानी के दायरे में रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी के साथ भुज, नालिया और जामनगर के आसपास के इलाके भी शामिल थे। भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान इन क्षेत्रों में चीनी उपग्रहों की गतिविधियां दर्ज की गईं। इसके अलावा इनकी नजर महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बंदरगाहों और औद्योगिक ढांचे पर भी रही।

भुज और नालिया एयरबेस भी थे चीनी निगरानी के दायरे में

दिगंतरा की रिपोर्ट में गुजरात के दो महत्वपूर्ण वायु सेना ठिकानों का विशेष उल्लेख किया गया है। इनमें भुज स्थित रुद्र माता एयर फोर्स स्टेशन और पश्चिमी कच्छ में मौजूद नालिया एयर फोर्स स्टेशन शामिल हैं।  पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित भुज एयरबेस भारतीय वायु सेना के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। वहीं, नालिया एयर फोर्स स्टेशन की अहमियत भी काफी ज्यादा है। यह पाकिस्तान सीमा और अरब सागर के करीब स्थित एक प्रमुख फॉरवर्ड बेस है। इन दोनों ठिकानों की भौगोलिक स्थिति भारत की पश्चिमी सीमा की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां से हवाई निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति में तेजी से जवाबी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।

भारत का पश्चिमी तट क्यों है चीन की निगरानी में

भारत का पश्चिमी समुद्री तट सैन्य और आर्थिक, दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण है। यह भारतीय नौसेना की रणनीतिक ताकत का प्रमुख केंद्र है। मुंबई स्थित वेस्टर्न नेवल कमांड के नेतृत्व में यह क्षेत्र पश्चिमी हिंद महासागर में भारत की समुद्री सुरक्षा और सामरिक मौजूदगी को मजबूत करता है। मुंबई, गोवा और कारवार जैसे प्रमुख नौसैनिक केंद्रों पर युद्धपोतों, पनडुब्बियों, नौसैनिक विमानों और जहाज निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को सहयोग मिलता है। इसके अलावा, वेस्टर्न नेवल कमांड अरब सागर में ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाती है। व्यापारिक लिहाज से भी भारत का पश्चिमी तट काफी महत्वपूर्ण है। यहां कई प्राकृतिक बंदरगाह, बड़े समुद्री पोर्ट, ऊर्जा परियोजनाएं और समुद्री संसाधन मौजूद हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts