Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना जिला अस्पताल में डॉक्टर की कार का कहर, गर्भवती महिला समेत 6 लोग घायल; कार के नीचे दबे लोगों को लोगों ने निकाला

गुना जिला अस्पताल परिसर में डॉक्टर की अनियंत्रित कार ने गर्भवती महिला समेत छह लोगों को टक्कर मार दी। घायलों को लोगों ने कार के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
गुना जिला अस्पताल में डॉक्टर की कार का कहर, गर्भवती महिला समेत 6 लोग घायल; कार के नीचे दबे लोगों को लोगों ने निकाला
गुना जिला अस्पताल कार हादसा

मध्य प्रदेश के गुना जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी के बाद घर लौट रहे एक डॉक्टर की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए दीवार में जा घुसी। हादसे में नौ महीने की गर्भवती महिला समेत चार महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कार को ऊपर उठाकर उसके नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कार डॉक्टर सुभाष सोनकर चला रहे थे। वाहन का नंबर MP 08 ZM 6890 बताया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर की तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने के कारण कार से नियंत्रण छूट गया था।

सोनोग्राफी कराने आई नौ महीने की गर्भवती महिला भी घायल

हादसे के समय आवन निवासी एक परिवार गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने जिला अस्पताल आया था। परिजन के मुताबिक, महिला गर्भावस्था के नौवें महीने में है। परिवार के लोग अस्पताल परिसर में किनारे खड़े थे, तभी अनियंत्रित कार उनकी ओर आ गई और महिला समेत परिवार के सदस्यों को टक्कर मार दी। कार उनके ऊपर चढ़ गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। आरएमओ के अनुसार, गर्भवती महिला की जांच कर ली गई है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

X Post

सुबह एक पैर में हुआ था फ्रैक्चर, हादसे में दूसरा पैर भी टूटा

हादसे में घायल चंदन ने बताया कि सुबह ही एक अन्य वाहन की टक्कर से उसका पैर फ्रैक्चर हो गया था। वह प्लास्टर चढ़वाकर घर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी डॉक्टर की कार ने उसे फिर टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तेज रफ्तार और लापरवाही पर उठाए सवाल

प्रत्यक्षदर्शी और समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि डॉक्टर की कार तेज रफ्तार से अस्पताल परिसर में आई और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार चार-पांच महिलाओं और बच्चों की ओर बढ़ गई। इसके बाद लोगों ने तत्काल कार को ऊपर उठाया और नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि डॉक्टर को वाहन चलाने में परेशानी होती है तो उन्हें ड्राइवर की मदद लेनी चाहिए। उनके मुताबिक, हादसे के बाद भी डॉक्टर सामान्य तरीके से बातचीत कर रहे थे, जबकि इस घटना में कई लोगों की जान जोखिम में पड़ गई।

guna

डॉक्टर को चक्कर आने से कार अनियंत्रित होने की बात

आरएमओ डॉ. पीएल धाकड़ ने बताया कि डॉक्टर सुभाष सोनकर की कार से हुए हादसे में चार महिलाएं और दो बच्चे घायल हुए हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की तबीयत खराब थी और चक्कर आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। डॉक्टर के पास ड्राइवर भी है, लेकिन बुधवार को वे खुद कार चला रहे थे। हादसे के बाद जिला अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts