Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह भी निकालेंगे पदयात्रा; भ्रष्टाचार के खिलाफ फूंका बिगुल, पंचायतों व नगरीय निकायों की व्यवस्था पर उठाए सवाल

मप्र के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ पदयात्रा निकालने का ऐलान किया है। वीडियो संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने, दूषित पेयजल से हुई मौतों और नेताओं-अधिकारियों के बीच कथित साठगांठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में ईमानदार प्रतिनिधियों को चुनने की अपील भी की है।
दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह भी निकालेंगे पदयात्रा; भ्रष्टाचार के खिलाफ फूंका बिगुल, पंचायतों व नगरीय निकायों की व्यवस्था पर उठाए सवाल
फाइल फोटो

गुना। मध्यप्रदेश की राजनीति में राघौगढ़ के पूर्व राजपरिवार से जुड़े दोनों भाइयों की पदयात्राओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के बीच अब उनके छोटे भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने भी पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। लक्ष्मण सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में कथित तौर पर फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की बात कही है। उन्होंने स्थानीय शासन व्यवस्था में अनियमितताओं और नेताओं-अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ को लेकर सवाल उठाए हैं।

दूषित पेयजल और स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली पर सवाल

अपने वीडियो संदेश में लक्ष्मण सिंह ने नगरीय निकायों और पंचायतों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कुछ वर्षों में स्थानीय निकायों में भ्रष्टाचार और अनियमितताएं बढ़ी हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने दूषित पेयजल के कारण हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जिन संस्थाओं की है, वहां की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

पीएम आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने का आरोप

प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी लक्ष्मण सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक नहीं पहुंच पा रहा है। कई गरीब परिवार आज भी पक्के मकान के इंतजार में हैं, जबकि रसूख के चलते दो-दो मंजिला मकान रखने वाले लोगों को भी योजना का लाभ दे दिया गया। उन्होंने इसे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का उदाहरण बताया।

नेताओं और अधिकारियों के बीच साठगांठ का लगाया आरोप

लक्ष्मण सिंह ने अपने संदेश में किसी व्यक्ति विशेष का नाम लिए बिना सत्ता के दलालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नेताओं और अधिकारियों के बीच सांठगांठ कराकर अपने हित साधते हैं। इससे भ्रष्टाचार के खिलाफ उठने वाली आवाजें दब जाती हैं। उन्होंने कहा कि वे और उनके साथी लंबे समय से इन मुद्दों को उठाते रहे हैं, लेकिन सत्ता के प्रभाव में काम करने वाले कुछ लोगों के कारण व्यवस्था में बदलाव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सरकारी बजट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इस स्थिति को बदलने के लिए जनता को खुद आगे आना होगा।

ये भी पढ़ें: चिंतामन गणेश और महाकाल दर्शन के साथ शुरू हुई दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, 70 दिन में अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य

स्थानीय निकाय चुनाव से पहले जनता के बीच जाएंगे लक्ष्मण सिंह

आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए लक्ष्मण सिंह ने मतदाताओं से साफ छवि और ईमानदार प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्थाओं में ईमानदार जनप्रतिनिधियों के पहुंचने से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में काम हो सकेगा। इसके लिए वे जल्द ही क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और पदयात्रा के जरिए जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं उठाएंगे। हालांकि, उन्होंने अभी पदयात्रा की तारीख और मार्ग की जानकारी नहीं दी है। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर से अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक लगभग 950 किलोमीटर की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर निकले हैं। ऐसे में अब लक्ष्मण सिंह की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।

ये भी पढ़ें: ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने के ताले काटने पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, 26 नवंबर को पहुंचकर मांगेंगे हिसाब

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts