Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल से फर्जी IAS गिरफ्तार, कई लोगों से ठगे करोड़ों रुपए; PMO में बताता था पदस्थ

भोपाल के गांधीनगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। महज 12वीं पास रामानुज गुर्जर साल 2012 से फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी नौकरी और ठेके दिलाने का झांसा दे रहा था।
भोपाल से फर्जी IAS गिरफ्तार, कई लोगों से ठगे करोड़ों रुपए; PMO में बताता था पदस्थ
भोपाल से फर्जी IAS गिरफ्तार

भोपाल। खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में पदस्थ बताकर उसने कई साल तक लोगों को झांसे में रखा। इस दौरान वकीलों, सरपंचों, बिल्डर्स और यहां तक कि अपने रिश्तेदारों से भी ठगी की। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें हैं। ममेरे भाई द्वारा बनाए गए एक वीडियो ने आखिरकार उसकी पोल खोल दी।

2012 में शुरू किया फर्जी IAS बनकर ठगी करने का खेल

रामानुज गुर्जर ने साल 2012 में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को ठगना शुरू किया था। वह खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ बताता था। उसका रहन-सहन और बातचीत का तरीका ऐसा था कि लोग आसानी से उसकी बातों में आ जाते थे। इसी पहचान का इस्तेमाल कर वह सरकारी नौकरी और सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलने लगा।

वकीलों से लेकर सरपंच और बिल्डर्स तक बने शिकार

रामानुज की ठगी का शिकार केवल आम लोग ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षित लोग भी हुए। उसने कई वकीलों को भी अपना निशाना बनाया। सरपंचों और बिल्डर्स को सरकारी ठेकों के टेंडर दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम वसूली। साल 2012 में जयपुर में एक वकील से 5 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया था। वहीं, भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से करीब 12 लाख रुपए की ठगी का केस दर्ज हुआ था।

जेल जाने के बाद बदली पहचान

इन मामलों में रामानुज गुर्जर जेल भी जा चुका है, लेकिन बाहर आने के बाद उसने अपनी पहचान बदल ली और फिर फर्जी IAS बनकर लोगों को ठगने लगा। इस बार उसने आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति को निशाना बनाया। लाइसेंस बनवाने का भरोसा देकर उससे 7 लाख रुपए ले लिए। खास बात यह रही कि उसने यह रकम ऑनलाइन अपने ही बैंक खाते में जमा कराई थी।

Breaking News

सरकारी नौकरी के नाम पर वसूले रुपए

रामानुज गुर्जर ने ठगी के लिए अपने रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा। उसने अपने ममेरे भाई को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे मोटी रकम वसूल ली। हालांकि, इस बार उसका दांव उल्टा पड़ गया। ममेरे भाई ने पैसे लेते समय उसका वीडियो बना लिया था। बाद में यही वीडियो उसकी गिरफ्तारी की वजह बना। ममेरे भाई ने वीडियो गांधीनगर पुलिस को सौंपा और अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में ATS की कार्रवाई, फर्जी पासपोर्ट-वीजा के शक में तीन अफगानी नागरिक हिरासत में

10 से ज्यादा थानों में दर्ज हैं शिकायतें

गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक, रामानुज गुर्जर के खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपए की ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और ठगी के शिकार लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस पूरे ठगी के नेटवर्क में उसके साथ कुछ और लोग तो शामिल नहीं हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts