Datia By Election:नरोत्तम मिश्रा ने किया मतदान,उमस भरी गर्मी में भी वोट की अपील, बोले- BJP की जीत...

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान जारी है। इसी बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मतदान किया और लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में घरों से बाहर निकलकर वोट करने की अपील की। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया में आज मौसम काफी गर्म और उमस भरा है। उन्होंने कहा, इतनी उमस है कि एयर कंडीशन कमरे में बैठे होने के बाद भी पसीना आ रहा है। लेकिन दतिया की माताएं, बहनें और बेटियां हमेशा अपनी जिम्मेदारी निभाती आई हैं। वे घर के काम पूरे करने के बाद भी लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने के लिए मतदान केंद्र पहुंचती हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने दावा किया कि दतिया में मतदान अच्छा होगा और भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी।
'दतिया में BJP जीतेगी तो सिर्फ विकास होगा': नरोत्तम मिश्रा
मतदान के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा दतिया का विकास रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में पहले भी यहां से चुनाव लड़ा है और दतिया की जनता का बीजेपी के साथ पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा, दतिया में हमेशा आशुतोष तिवारी, कमल का निशान और भारतीय जनता पार्टी की चर्चा रही है। अगर दतिया में बीजेपी जीतती है तो यहां विकास होगा, विकास होगा और सिर्फ विकास होगा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जनता विकास के मुद्दे को देखकर मतदान कर रही है और बीजेपी को लोगों का समर्थन मिल रहा है।
Rajya Sabha Election: मीनाक्षी नटराजन पहुंचीं हाईकोर्ट, बोलीं- निष्पक्ष नहीं था चुनाव आयोग का फैसला
सुबह 11 बजे तक 34.31 प्रतिशत मतदान दर्ज
दतिया विधानसभा उपचुनाव में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है। चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक दतिया में 34.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह 9 बजे तक मतदान का प्रतिशत 16.33 फीसदी रहा था। धीरे-धीरे मतदान केंद्रों पर लोगों की संख्या बढ़ती गई और दोपहर तक मतदान प्रतिशत में तेजी देखने को मिली। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में भी मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। कई मतदान केंद्रों पर लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
लखनपुर गांव में सड़क की मांग को लेकर मतदान बहिष्कार
दतिया उपचुनाव के दौरान बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव में सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाए। सड़क की समस्या को लेकर नाराज ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाई। हालांकि अधिकारियों की समझाइश के बाद मतदान प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
Bankipur By Election 2026: वोटिंग के बीच BJP-जन सुराज समर्थकों में भिड़ंत, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विपक्ष के आरोपों पर नरोत्तम मिश्रा का पलटवार
कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर भी नरोत्तम मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव हारने की स्थिति में होती है तो इसी तरह के आरोप लगाती है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के आरोप उनकी हताशा और निराशा को दिखाते हैं। जनता सब कुछ समझती है और इस बार भी जनता विकास के नाम पर वोट करेगी। बीजेपी नेता ने दावा किया कि दतिया की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है और चुनाव परिणाम बीजेपी के पक्ष में आएंगे।











