Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुरैना में मौत बनकर दौड़ा दूध का टैंकर, दो सगे भाइयों समेत तीन की गई जान

मध्य प्रदेश के मुरैना में करवा चौथ की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों काम खत्म कर अपने गांव लौट रहे थे।
मुरैना में मौत बनकर दौड़ा दूध का टैंकर, दो सगे भाइयों समेत तीन की गई जान
मुरैना हादसे में तीन मजदूरों की मौत

मुरैना। त्योहार की खुशियों के बीच मुरैना के हिंगोना कला गांव में उस समय मातम छा गया, जब तीन मजदूरों की मौत की खबर उनके घर पहुंची। गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र में क्वारी नदी पुल के पास यह हादसा हुआ। तीनों मजदूर दिनभर शहर में मेहनत करके एक ही बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आए दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में दो भाइयों की भी जान चली गई।

घर लौटते समय काल बना तेज रफ्तार टैंकर

मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों मजदूर गुरुवार सुबह रोजी-रोटी की तलाश में मुरैना शहर आए थे। दिनभर काम करने के बाद रात में बाइक से अपने गांव हिंगोना कला लौट रहे थे। इसी दौरान घरौंना मंदिर से आगे क्वारी नदी पुल के पास पीछे से आ रहे दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े।

सीहोर में सड़क के गड्ढे ने ली गर्भवती की जान, सकल समाज ने मांगा मुआवजा और पति को सरकारी नौकरी

दो भाइयों ने मौके पर तोड़ा दम

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) के रूप में हुई है। तीनों हिंगोना कला गांव के रहने वाले थे। कल्लू और गोपी सगे भाई थे। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रकाश माहौर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

त्योहार की रात परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

करवा चौथ के मौके पर परिवारों को अपने घर के लोगों के लौटने का इंतजार था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह इंतजार कभी खत्म नहीं होगा। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में त्योहार की तैयारी होनी थी, वहां अचानक मातम छा गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

टैंकर लेकर फरार हुआ चालक, पुलिस कर रही तलाश

हादसे के बाद दूध टैंकर का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शवों को मुरैना जिला अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के मुताबिक, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फरार टैंकर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

भिंड में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसएसपी ने अटेर किले से चंबल के घाटों तक किया निरीक्षण

हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर कब लगेगी लगाम?

मुरैना में हुआ यह हादसा सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करता है। हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। रोज काम करके घर लौटने वाले मजदूर भी ऐसी घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। जरूरत है कि हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाई जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि किसी और परिवार का इंतजार इस तरह मातम में न बदले।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts