इंदौर के एसडीएम ऑफिस में भिड़े कारोबारी! मारपीट के बीच निकले हथियार,एक महीने से बंद CCTV

इंदौर। कनाड़िया एसडीएम कार्यालय में पटाखा दुकानों के आवंटन से पहले ही व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। गुरुवार को आवेदन प्रक्रिया के दौरान दुकान हासिल करने को लेकर कुछ व्यापारी आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कार्यालय परिसर में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हथियार निकलने की बात भी सामने आई। घटना के बाद प्रशासनिक कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दुकानों के आवंटन से पहले व्यापारियों में टकराव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पटाखा दुकानों का आवंटन किया जाना है। इससे पहले गुरुवार को आवेदन प्रक्रिया के दौरान कुछ व्यापारियों के बीच दुकान पाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान हथियार भी निकाले गए। कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।पुलिस के पहुंचने से पहले ही विवाद में शामिल व्यापारी वहां से चले गए। फिलहाल मामले में पुलिस प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया है। संबंधित लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एक महीने से बंद पड़े हैं CCTV कैमरे
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कनाड़िया तहसील कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे पिछले एक महीने से बंद बताए जा रहे हैं। ऐसे में विवाद के दौरान मौजूद लोगों की पहचान करने के लिए फुटेज उपलब्ध नहीं हो सके। यदि कैमरे चालू होते, तो घटना की जांच और संबंधित व्यापारियों की पहचान करने में मदद मिल सकती थी।प्रशासनिक कार्यालय में निगरानी व्यवस्था बंद रहने के कारण सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जहां आम लोगों के कामकाज के लिए कार्यालय में सुरक्षा और अनुशासन जरूरी है, वहीं परिसर में मारपीट और हथियार निकलने की घटना ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: हवाई सफर या खतरे की घंटी? स्पाइसजेट की खिड़की पर टेप देख भड़के यात्री, स्टाफ से हुई तीखी बहस, वीडियो वायरल
शुक्रवार को चालू कराए जाएंगे कैमरे
कनाड़िया एसडीएम दीपक चौहान के मुताबिक, कार्यालय में कुछ व्यापारियों के बीच मारपीट हुई है। संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी। कैमरे शुक्रवार को चालू कराए जाएंगे।




















