Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज बायनेन्स में 6.3 अरब डॉलर की सुरक्षा सेंध की जांच, ट्रांजेक्शन रोके, 3 अरब डॉलर की संपत्ति ब्लॉकचेन पर फ्रीज

बायनेन्स ने 6.3 अरब डॉलर की संभावित सेंध की जांच शुरू की है। कंपनी ने जमा-निकासी अस्थायी रूप से रोकी, 3 अरब डॉलर की संपत्ति ब्लॉकचेन पर फ्रीज की, डेवऑप्स इंजीनियर का लैपटॉप हैक होने से सेंध की आशंका।
दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज बायनेन्स में 6.3 अरब डॉलर की सुरक्षा सेंध की जांच, ट्रांजेक्शन रोके, 3 अरब डॉलर की संपत्ति ब्लॉकचेन पर फ्रीज
फाइल फोटो

लंदन। दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेन्स ने जानकारी दी है कि वह संभावित सुरक्षा सेंध की जांच कर रहा है, जिससे करीब 6.3 अरब डॉलर की संपत्ति प्रभावित हो सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि रकम चोरी हुई है या नहीं और न ही नुकसान का पूरा दायरा सामने आया है। एक्सचेंज ने कहा कि वह इस दिक्कत को ठीक करने में जुटा है। सुरक्षा जांच करने और कानून लागू करने वाली एजेंसियों तथा उद्योग से जुड़े साझेदारों के साथ तालमेल के दौरान उसने अस्थाई तौर पर जमा और निकासी रोक दी है।

कहा- आपकी रकम सुरक्षित है

बायनेन्स के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, निश्चिंत रहें, उपयोगकर्ताओं की रकम पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने आगे बताया कि कंपनी की सुरक्षा टीमें सभी संबंधित जानकारियों की पड़ताल कर रही हैं और ब्योरा पुख्ता होने के बाद आधिकारिक माध्यमों से जानकारी देंगी। एक्स पर एक पोस्ट में बायनेन्स ने बताया कि इस घटना का कुल अनुमानित असर करीब 6.3 अरब डॉलर का है। इसमें से करीब 3 अरब डॉलर की प्रभावित संपत्ति को अब तक ब्लॉकचेन पर रोक दिया गया है। कंपनी ने कहा कि वह बाकी रकम का पता लगाने और उसे रोकने के लिए अपने ब्लॉकचेन साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रही है।

इंजीनियर का लैपटॉप हैक होने की आशंका है

बायनेन्स की शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस घटना में शायद एक डेवऑप्स इंजीनियर का लैपटॉप हैक हो गया था। माना जा रहा है कि इसी वजह से हमलावर को एक सर्विस कंटेनर तक पहुंच मिल गई, जिसके जरिए उसने बिना इजाजत रकम निकालने के लेन-देन कर दिए।

एक्चेंज ने कहा- प्राइवेट की लीक होने के सबूत नहीं मिले

एक्सचेंज ने साफ किया है कि उसे वॉलेट की प्राइवेट-की लीक होने का कोई सबूत नहीं मिला है। कंपनी का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी नतीजों के वेरिफाई होने के बाद ही ज्यादा तकनीकी जानकारी जारी की जाएगी।

टेथर और सर्कल ने संदिग्ध फंड फ्रीज किए

स्टेबलकॉइन जारी करने वाली दो बड़ी कंपनियों टेथर और सर्कल ने भी बायनेन्स की इस संभावित सेंध से जुड़े फंड को फ्रीज कर दिया हैं। टेथर के सीईओ पाओलो अर्दोइनो ने बताया कि उन्होंने 1.5 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति फ्रीज की है। कहा जा रहा है कि बायनेन्स एक्सचेंज की संभावित हैकिंग से जुड़ी है। वहीं सर्कल के को-फाउंडर और सीईओ जेरेमी एलेयर ने कहा कि उनकी कंपनी ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर 800 मिलियन डॉलर से ज्यादा की संबंधित रकम को फ्रीज किया है। बायनेन्स ने कहा कि वह बाकी बचे फंड को ट्रैक करने और फ्रीज कराने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों, टोकन जारी करने वाली कंपनियों, ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस फर्मों और इंडस्ट्री के अन्य पार्टनर्स के साथ लगातार काम कर रहा है।

पूर्व सीईओ ने हैक की जानकारी दी

बायनेन्स के फाउंडर चांगपेंग झाओ  (2023 में सीईओ पद छोड़ा था) ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस घटना को संभावित हैक बताया। झाओ ने लिखा- यूजर फंड सुरक्षित है! उन्होंने कहा कि भले ही वह अब बायनेन्स का मैनेजमेंट नहीं संभालते, लेकिन एक शेयरहोल्डर के तौर पर उन्हें भरोसा है कि यूजर्स का पूरा फंड सुरक्षित रहेगा।यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब क्रिप्टो मार्केट पहले से ही दबाव में है। गुरुवार शाम बिटकॉइन में 3.2% की गिरावट आई और कीमत 79,000 डॉलर से नीचे चली गई। बायनेन्स कर्मचारी के लैपटॉप के जरिए संभावित एक्सेस की जांच कर रहा है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts