Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेटे का फिसला पैर, बचाने दौड़े पिता... 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की मौत! ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में दर्दनाक हादसा हुआ। खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहे 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 साल के बेटे आरव की 23वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। दोनों बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। हादसे के बाद परिवार और पूरी सोसायटी में मातम छाया है। पुलिस जांच जारी है।
बेटे का फिसला पैर, बचाने दौड़े पिता... 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की मौत! ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा
ग्रेटर नोएडा में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-बेटे की दर्दनाक मौत

जिस घर में सुबह मंदिर जाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही पलों में मातम छा गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 23वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से गिरकर 40 साल के पिता और उनके 11 साल के बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिर गए। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरी सोसायटी में शोक का माहौल है।

पूजा के लिए फूल तोड़ते समय हुआ हादसा

यह दर्दनाक घटना शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, महागुन मायवुड्स सोसायटी के टॉवर-23 में रहने वाले रणदीप पात्रा अपने 11 साल के बेटे आरव के साथ बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया। इस हादसे में पिता और बेटा दोनों ऊंचाई से नीचे गिर गए। कुछ ही पलों में घर की खुशियां दुख में बदल गईं।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी गिरे

शुरुआती जानकारी के अनुसार, फूल तोड़ते समय आरव का पैर फिसल गया था। बेटे को गिरता देख पिता रणदीप ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वह भी संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। हालांकि, हादसा किस तरह हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। इस घटना में पिता और बेटे दोनों की जान चली गई।

अस्पताल में दोनों को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना पुलिस के जरिए मिली थी। बताया गया कि महागुन मायवुड्स सोसायटी के टॉवर-23 में ऊंचाई से गिरने के कारण दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि परिवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था। मृतक रणदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उन्हें सुबह जल्दी मंदिर के लिए निकलना था। इसी वजह से उनके पति और बेटा पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। पत्नी के मुताबिक, फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी से संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों बालकनी से नीचे गिर गए। जिस सुबह परिवार मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, उसी सुबह हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ पुलिस ने इंदौर से साइबर ठगी के 5 आरोपी गिरफ्तार : 3 युवतियां भी शामिल,शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, डॉक्टर से 34.17 लाख लूटे

सोसायटी में शोक का माहौल

पिता और बेटे की एक साथ मौत की खबर से महागुन मायवुड्स सोसायटी में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक घटना ने ऊंची इमारतों की बालकनी में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों के साथ बालकनी में कोई काम करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

बिसरख थाना पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह घटना बालकनी में फूल तोड़ते समय हुई। ग्रेटर नोएडा में हुए इस हादसे ने एक परिवार से पिता और बेटे को हमेशा के लिए छीन लिया। सुबह की सामान्य तैयारियों के बीच हुई इस घटना से पूरे परिवार और सोसायटी में गहरा दुख है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts