Weather Update :मानसून ने बदला मौसम का मिजाज, 17 राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट; 80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवाएं

देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
मानसून ने बदला मौसम का मिजाज, 17 राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट; 80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवाएं
मानसून ने देश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है, जिसके चलते 17 राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार बढ़ा दी है और इसके असर के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। इसके साथ ही देश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी है।  मौसम विभाग ने 17 राज्यों में आंधी, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में मानसून का मजबूत असर

आईएमडी के मुताबिक अगले छह से सात दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से इन राज्यों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हो सकती है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर भारत में आंधी और बिजली का खतरा

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और धूल भरी हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है।

Twitter Post

दिल्ली में मौसम रहेगा बदला-बदला

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों के मुकाबले मौसम काफी राहत भरा रहने की संभावना है। हालिया बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 16 जून से 18 जून तक धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि दिन के समय अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन तेज हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 और 18 जून को प्रदेश के अधिक हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

आज आपके राज्य में कैसा रहेगा तापमान

शहर

अधिकतम तापमान (16 जून)

न्यूनतम तापमान (16 जून)

दिल्ली

37°C

29°C

मुंबई

33°C

30°C

चेन्नई

37°C

29°C

कोलकाता

36°C

29°C

लखनऊ

40°C

30°C

पटना

39°C

29°C

रांची

36°C

26°C

भोपाल

35°C

26°C

जयपुर

37°C

28°C

शिमला

27°C

18°C

नैनीताल

28°C

21°C

बिहार में मानसून देगा दस्तक का असर

बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मानसून का प्रभाव तेजी से बढ़ने की संभावना है। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल और भागलपुर जैसे जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में अभी कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है। 19 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

राजस्थान और मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

राजस्थान में 16 जून से 21 जून के बीच तेज आंधी का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं 19 जून के बाद बारिश की गतिविधियां भी बढ़ सकती हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि तेलंगाना और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है।

Breaking News

पहाड़ी राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने कई दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। 18 और 19 जून के दौरान इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा एक्शन! भारत में 22 जून तक Telegram पर रोक, 30 जून तक बंद रहेगा Edit फीचर

समुद्र में न जाने की सलाह

मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि 20 जून तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होगा, जिससे देश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि इसके साथ तेज आंधी, बिजली और भारी बारिश जैसी चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। इसलिए लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts