गांधीसागर बांध स्थल पर कल होगी डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की बैठक, पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट को मिलेगी नई पहचान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल की बैठक बुधवार (18 नवंबर) को मंदसौर जिले के गांधीसागर बांध स्थल पर होगी। भोपाल से बाहर आयोजित होने वाली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकों की श्रृंखला में गांधीसागर की यह बैठक अब तक की सबसे अलग और प्रभावी पहल मानी जा रही है। इसका उद्देश्य गांधीसागर क्षेत्र को बहुउद्देशीय गतिविधियों के केंद्र के रूप में पहचान दिलाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करना है। सरकार इस बैठक के माध्यम से क्षेत्र की ऊर्जा, पर्यटन, प्राकृतिक संसाधन और आजीविका से जुड़ी संभावनाओं को भी सामने लाना चाहती है।
11,474 करोड़ की परियोजना से पीक ऑवर्स में मिलेगी 2 हजार मेगावाट बिजली
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज नई तकनीक है। गांधीसागर में विकसित की जा रही पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके शुरू होने के बाद प्रदेश में बिजली की सर्वाधिक मांग वाले पीक ऑवर्स में 2 हजार मेगावाट तक बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे मांग के अनुरूप तत्काल बिजली आपूर्ति संभव होगी और प्रदेश में चौबीसों घंटे पर्याप्त बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस तकनीक से उत्पादित बिजली की कीमत भी सामान्य बिजली की तुलना में लगभग आधी होगी।
एशिया की अपनी तरह की पहली परियोजना, मिलेगा तकनीक समझने का मौका
गांधीसागर की पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। यह मध्यप्रदेश के बिजली उत्पादन क्षेत्र में लंबी छलांग साबित होगा। परियोजना के लोकार्पण के बाद स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को यहां भ्रमण के लिए लाया जाएगा, ताकि वे बिजली उत्पादन की इस आधुनिक तकनीक को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित करते हैं। पानी के माध्यम से बिजली उत्पादन की यह परियोजना विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए किसी तीर्थस्थल से कम नहीं होगी।
चीता पुनर्वास से पुरातात्विक विरासत तक पर्यटन की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन की संभावनाओं से समृद्ध प्रदेश है। गांधीसागर अभयारण्य में चीता पुनर्वास परियोजना भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। इस क्षेत्र में हजारों-लाखों वर्ष पुरानी चट्टानों और शिलाओं पर प्रागैतिहासिक शिलालेख तथा शैलचित्र देखने को मिलते हैं। गांधीसागर क्षेत्र जनजातीय संस्कृति, प्राचीन पुरातात्विक विरासत, विशाल जलराशि और प्राकृतिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। इन सभी विशेषताओं के कारण यहां पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने और क्षेत्र की अलग पहचान स्थापित करने की व्यापक संभावनाएं हैं।
केज कल्चर से मछुआरा समुदाय को मिल रहा रोजगार
राजस्थान की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में स्थित गांधीसागर बांध क्षेत्र में केज कल्चर तकनीक के माध्यम से मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में मछुआरा समुदाय के लोग लाभान्वित हो रहे हैं और अपनी आजीविका से आय अर्जित कर रहे हैं। ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यटन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार की मंशा गांधीसागर को ऐसे बहुउद्देशीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने की है, जहां निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार हों।
ये भी पढ़ें: खंडवा में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव-जनजातीय समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार का संकल्प
1920 मेगावाट क्षमता का प्रोजेक्ट, दो जलाशयों से होगा पानी का इस्तेमाल
नीमच जिले में ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना में करीब 11,500 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। इसकी भंडारण क्षमता 1920 मेगावाट निर्धारित है। परियोजना पूरी होने पर 1920 मेगावाट की पूर्ण क्षमता से लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। यह परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। इसमें दो जलाशय होंगे। निचले जलाशय के रूप में मौजूदा गांधीसागर जलाशय का उपयोग किया जाएगा, जिसकी कुल क्षमता लगभग 270 टीएमसी यानी 7643.70 एमसीएम है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 टीएमसी यानी 67.66 एमसीएम पानी का गैर-उपभोक्ता उपयोग होगा। इसका अर्थ है कि पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय प्रक्रिया के तहत बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। यह देश और एशिया की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है।
राजधानी भोपाल के बाहर इन स्थानों पर हुईं डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग्स
- 3 जनवरी 2024: जबलपुर के शक्ति भवन में।
- 5 अक्टूबर 2024 : दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में ।
- 24 जनवरी 2025 : लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर (जिला खरगोन) में
- 20 मई 2025 : लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर इंदौर के राजवाड़ा में।
- 3 जून 2025 : नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी के राजभवन में गोंड राजा भभूत सिंह के शौर्य को समर्पित ।
- 9 दिसम्बर 2025 : बुंदेलखंड के सम्मान में खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में।
- 2 मार्च 2026 : बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्र भीलट बाबा देवस्थल नागलवाड़ी में।
- 19 जुलाई 2026 : भोपाल जिले में गोंड रानी कमलापति की कर्मस्थली रहे प्राचीन महल और स्मारक वाले ग्राम जगदीशपुर में।




















