Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पिंक सिटी, डायना बेंच और गेटवे ऑफ इंडिया... भारत से ब्रिटिश शाही परिवार का पुराना नाता

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन मुंबई में सचिन तेंदुलकर के साथ क्रिकेट खेलने, कटिंग चाय पीने और मेट्रो की सवारी करने पहुंचे। उनके भारत दौरे के साथ ब्रिटिश शाही परिवार की पुरानी यादें भी चर्चा में हैं। जानिए जयपुर के पिंक सिटी बनने, डायना की ताजमहल वाली तस्वीर और शाही यात्राओं से जुड़े दिलचस्प किस्से और इतिहास की झलकियां।
पिंक सिटी, डायना बेंच और गेटवे ऑफ इंडिया... भारत से ब्रिटिश शाही परिवार का पुराना नाता
कभी बाघ का शिकार, अब पर्यावरण की बात; बदल गया ब्रिटिश शाही परिवार का भारत दौरा

एक तरफ सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट, दूसरी तरफ मुंबई की कटिंग चाय और मेट्रो का सफर! ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। उनका अंदाज इस बार किसी शाही काफिले जैसा नहीं, बल्कि आम मुंबईकरों की तरह नजर आ रहा है। तीन दिन के इस दौरे में दोनों क्रिकेट खेलने से लेकर पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन भारत और ब्रिटिश शाही परिवार का रिश्ता सिर्फ इस दौरे तक सीमित नहीं है। इससे पहले भी कई शाही सदस्य भारत आ चुके हैं और उनकी यात्राओं से जुड़े कुछ किस्से आज भी याद किए जाते हैं।

सचिन के साथ क्रिकेट, मेट्रो में सफर और कटिंग चाय का मजा

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन 16 से 18 नवंबर 2026 तक भारत दौरे पर हैं। यह भारत में उनका दूसरा आधिकारिक दौरा है। इससे पहले दोनों 2016 में भारत आए थे। इस बार उनके दौरे का मुख्य केंद्र मुंबई है। यहां वे पर्यावरण से जुड़े 'अर्थशॉट प्राइज 2026' समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं।

Queen Elizabeth India Visit

मुंबई में शाही जोड़े के दौरे की शुरुआत क्रिकेट के साथ हुई। दोनों ने मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला और बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाया। इसके अलावा उन्होंने मुंबई की मशहूर कटिंग चाय का स्वाद लिया और मेट्रो में सफर भी किया। उनके कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, परिवारों, पर्यावरण और भारतीय फिल्म जगत से जुड़े आयोजन शामिल हैं।

क्या है अर्थशॉट प्राइज, जिसके लिए भारत आए विलियम?

प्रिंस विलियम ने साल 2020 में 'अर्थशॉट प्राइज' की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के नए समाधान खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। साल 2021 से इस पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित किया जा रहा है। इस बार पहली बार भारत में अर्थशॉट प्राइज समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें पांच विजेताओं को उनके पर्यावरण से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के लिए एक-एक मिलियन पाउंड की राशि दी जाएगी।

Diana Bench At Tajmahal

मुंबई में बच्चों के लिए भी इससे जुड़ा एक खास कार्यक्रम रखा गया है। इसमें देश के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। इस दौरे में टिकाऊ परिवहन, पर्यावरण की सुरक्षा और जिम्मेदार निर्माण जैसे मुद्दों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। दौरे के आखिर में विलियम और केट दिल्ली जाएंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात तय बताई गई है।

जब शाही मेहमानों के स्वागत में जयपुर हो गया गुलाबी

भारत में ब्रिटिश शाही परिवार की यात्राओं का इतिहास काफी पुराना है। इन यात्राओं से कई ऐसी कहानियां जुड़ी हैं, जो आज भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ाती हैं।

Queen Elizabeth Ii And The Duke Of Edinburgh

साल 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स भारत दौरे पर जयपुर पहुंचे थे। बाद में यही प्रिंस एडवर्ड सप्तम बने। उनके स्वागत के लिए जयपुर की इमारतों और सड़कों को गुलाबी रंग से सजाया गया। उस समय गुलाबी रंग को मेहमानों के स्वागत और सम्मान का प्रतीक माना गया। इसके बाद जयपुर को 'पिंक सिटी' के नाम से पहचान मिलने लगी। तब से लेकर अब तक ब्रिटिश शाही परिवार के कई सदस्य जयपुर पहुंच चुके हैं। इनमें राजा जॉर्ज पंचम, महारानी मैरी, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना जैसे नाम शामिल हैं।

हाथी और बाघ के शिकार से वन्यजीवों को बचाने तक बदला अंदाज

पुराने समय में ब्रिटिश शाही परिवार की भारत यात्राओं की तस्वीरों में हाथी और बाघ अक्सर दिखाई देते थे। साल 1911 में राजा जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी भारत आए थे। दिल्ली दरबार में उन्हें भारत का सम्राट और साम्राज्ञी घोषित किया गया था। इसी ऐतिहासिक यात्रा के समय मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया की नींव रखी गई थी।

 Prince William Princess Catherine (1)

उस दौर में शिकार को शाही शान और बहादुरी से जोड़कर देखा जाता था। नेपाल में जॉर्ज पंचम की शिकार यात्रा भी इसी परंपरा का हिस्सा थी। बाद में साल 1961 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप भारत आए। आजादी के बाद भारत आने वाले वे पहले ब्रिटिश सम्राट थे। इस यात्रा की एक तस्वीर में दोनों जयपुर में शिकार किए गए बाघ के पास खड़े दिखाई दिए थे। हालांकि, उस समय भी शिकार को लेकर विरोध हुआ था। लेकिन समय के साथ शाही परिवार की यात्राओं का अंदाज बदल गया। साल 2016 में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे। वहां उन्होंने वन्यजीवों के संरक्षण और बचाव से जुड़े कामों को देखा। इस दौरान केट की हाथी के बच्चे को बोतल से दूध पिलाते हुए तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं।

डायना की ताजमहल वाली तस्वीर आज भी है मशहूर

आगरा के ताजमहल के सामने रखी संगमरमर की एक बेंच भी ब्रिटिश शाही परिवार की एक यादगार तस्वीर की वजह से मशहूर है। साल 1992 में प्रिंसेस डायना इसी बेंच पर अकेले बैठी नजर आई थीं। उस समय उनकी निजी जिंदगी में काफी तनाव चल रहा था। उनकी इस तस्वीर को कई लोगों ने उनके अकेलेपन से जोड़कर देखा। इसके बाद यह जगह 'डायना बेंच' के नाम से लोकप्रिय हो गई। साल 2016 में भारत और भूटान दौरे के दौरान प्रिंस विलियम और केट मिडलटन भी इसी बेंच पर पहुंचे थे। दोनों ने ताजमहल के सामने तस्वीर खिंचवाई थी। यह उनके सात दिन के दौरे का यादगार पल बना। उस यात्रा में मुंबई, दिल्ली, असम, भूटान और आगरा शामिल थे। दोनों ने दिल्ली में गांधी स्मृति और इंडिया गेट का दौरा किया, असम में बिहू उत्सव देखा और भूटान में तीरंदाजी भी आजमाई।

Prince William Came India Earthshot Prize

प्रिंस चार्ल्स से महारानी एलिजाबेथ तक, भारत से जुड़ी हैं कई यादें

साल 1961 में महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस फिलिप ने मुंबई, चेन्नई और कोलकाता का दौरा किया था। दिल्ली में उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा उन्होंने ताजमहल देखा और गुजरात में गरबा कलाकारों से मुलाकात की। वहीं, प्रिंस चार्ल्स साल 1980 में अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आए थे। इस दौरान उन्होंने ताजमहल देखा, जयपुर के पोलो मैदान में खेला और कोलकाता में मदर टेरेसा से मुलाकात की। उनके स्वागत में फूलों की माला पहनाई गई और माथे पर तिलक लगाया गया। यह भारतीय परंपरा और शाही मेहमाननवाजी का खास मेल था। ब्रिटिश शाही परिवार की भारत यात्राओं का अंदाज समय के साथ काफी बदल चुका है। कभी इन दौरों में शाही स्वागत और शिकार की तस्वीरें चर्चा में रहती थीं, तो आज पर्यावरण संरक्षण, बच्चों, युवाओं और सांस्कृतिक मेलजोल को महत्व दिया जा रहा है। प्रिंस विलियम और केट का मुंबई दौरा भी इसी बदलाव की एक नई कहानी पेश कर रहा है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts