भोपाल गैस त्रासदी: कार्बाइड कारखाने के प्रदूषण आकलन का टेंडर रद्द करने की मांग, गुजरात की कंपनी पर उठे सवाल

भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के चार संगठनों ने परित्यक्त यूनियन कार्बाइड कारखाने और उसके आसपास जहरीले प्रदूषण के आकलन के लिए जारी टेंडर को तत्काल रद्द करने की मांग की है। संगठनों ने आरोप लगाया है कि गुजरात की एक अयोग्य कंपनी को ठेका देकर अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य और पर्यावरण को खतरे में डाल दिया है। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया की जांच कराने और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
3.5 किलोमीटर के बजाय 2 किलोमीटर क्षेत्र के आकलन पर सवाल
भोपाल गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रशीदा बी ने कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च की वर्ष 2018 की रिपोर्ट में कारखाने के आसपास 3.5 किलोमीटर के दायरे में भूजल प्रदूषित होने की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद मौजूदा टेंडर में केवल 2 किलोमीटर क्षेत्र के प्रदूषण आकलन का प्रावधान रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2023 में उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त निगरानी समिति ने इस काम को पूरा करने के लिए 10 से 12 महीने का समय जरूरी बताया था, जबकि टेंडर में इसे महज तीन महीने में पूरा करने की शर्त रखी गई है।
टेंडर तैयार करने में विशेषज्ञों को शामिल नहीं करने का आरोप
भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष नवाब खान ने टेंडर की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से जटिल इस काम के लिए टेंडर दस्तावेज तैयार करते समय विशेषज्ञों को शामिल नहीं किया गया। उनके मुताबिक, वर्ष 2010 में मंत्रियों के समूह ने प्रदूषण के आकलन और सुधार के लिए वैश्विक टेंडर जारी करने के निर्देश दिए थे, ताकि अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें।
पसंदीदा कंपनी को ठेका देने के लिए शर्तें बदलने का आरोप
भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष बालकृष्ण नामदेव ने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों में जानबूझकर बदलाव किए गए, ताकि किसी पसंदीदा कंपनी को ठेका दिया जा सके। उन्होंने गुजरात की मैसर्स कदम एनवायर्नमेंटल कंसल्टेंट्स को दिए गए ठेके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि निर्धारित शर्तों के हिसाब से भी कंपनी को यह काम सौंपना उचित नहीं है।
40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के भूजल में मिले थे जहरीले रसायन
भोपाल ग्रुप फॉर इंफॉर्मेशन एंड एक्शन की रचना ढींगरा ने कहा कि वर्ष 2018 तक चार सरकारी वैज्ञानिक एजेंसियों की जांच में कारखाने के आसपास 40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के भूजल में जहरीले रसायन पाए गए थे। उन्होंने बताया कि इनमें नौ स्थायी जैविक प्रदूषक (POPs) और भारी धातुएं शामिल थीं। कम से कम तीन स्थानों पर 130 मीटर से अधिक गहराई वाले भूजल स्रोतों में भी जहरीला प्रदूषण मिला था।
चारों संगठनों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
चारों संगठनों ने मांग की है कि प्रदूषण आकलन के लिए जारी टेंडर को तत्काल रद्द किया जाए। साथ ही पूरी टेंडर प्रक्रिया की जांच कराई जाए और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।




















