बिहार में जल्द शुरू होंगी 5 नई चीनी मिलें, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में गन्ना विकास रथ-2026 अभियान की शुरुआत की। इसके तहत सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथ रवाना किए गए हैं, जो गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। सरकार का लक्ष्य गन्ना उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आमदनी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
'बिहार में जल्द शुरू होंगी 5 और मिलें'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें काम कर रही हैं और जल्द ही 5 नई मिलें शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और नई मिलें लगाने की योजना पर काम हो रहा है। इससे गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ये भी पढ़ें: बिहार में 10 लाख सरकारी कर्मचारियों को DA में बढ़ोतरी का लाभ, AI और बेटियों के स्टार्टअप के लिए भी बड़े फैसले
मुख्यमंत्री ने गन्ना विकास रथ-2026 अभियान की शुरुआत की
सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय में गन्ना विकास रथ-2026 अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार के संकल्प के साथ शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य गन्ना उत्पादन बढ़ाना और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
किसानों को आधुनिक खेती और उन्नत बीजों की मिलेगी जानकारी
गन्ना विकास रथ गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे। किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और जैविक खाद के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को बेहतर उत्पादन के तरीके बताकर गन्ने की खेती को बढ़ावा देना है।
कृषि यंत्रों पर अनुदान और निशुल्क बीज की भी मिलेगी जानकारी
अभियान के तहत किसानों को गन्ना यंत्रीकरण योजना के बारे में बताया जाएगा। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाले अनुदान और मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत प्रमाणित गन्ना बीज पर दी जाने वाली सहायता की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा नए इलाकों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध कराने की योजना के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
किसानों के लिए शुरू हुई गन्ना ID और गन्ना साथी सुविधा
सरकार किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दे रही है। इसके लिए गन्ना ID और गन्ना साथी AI चैटबॉट की सुविधा शुरू की गई है, जिसके जरिए किसान जरूरी जानकारियां और सेवाएं आसानी से हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
चीनी मिलों के विस्तार से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गन्ने की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने का बड़ा माध्यम है। चीनी मिलों के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




















