PU Special :मप्र में भाजपा मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में मोहन यादव दूसरे स्थान पर, सुंदरलाल पटवा से 19 दिन आगे निकले

मनीष दीक्षित, भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्रियों के कुल कार्यकाल के लिहाज से डॉ. मोहन यादव दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में उनसे आगे केवल पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं जिन्होंने करीब 16 साल 9 महीने तक प्रदेश की कमान संभाली। डॉ. यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के दोनों कार्यकाल को मिलाकर बने कुल कार्यकाल को भी पीछे छोड़ दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की जयंती 11 नवंबर के मौके पर यह आंकड़ा खास है कि डॉ. यादव 23 अक्टूबर 2026 को ही उनके कुल कार्यकाल से आगे निकल गए थे। डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 नवंबर 2026 तक वे 1,063 दिन इस पद पर पूरे कर चुके हैं। वहीं सुंदरलाल पटवा दोनों कार्यकाल मिलाकर कुल 1,044 दिन मुख्यमंत्री रहे थे। इस तरह डॉ. यादव का कार्यकाल पटवा से 19 दिन अधिक हो गया है।
पटवा दो बार बने मुख्यमंत्री, पहला कार्यकाल सिर्फ 28 दिन का
सुंदरलाल पटवा मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री बने थे। उनका पहला कार्यकाल 20 जनवरी 1980 से 17 फरवरी 1980 तक रहा, जो महज 28 दिन का था। उस समय वे जनता पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री थे। इसके बाद उन्होंने 5 मार्च 1990 को भाजपा सरकार की कमान संभाली और 15 दिसंबर 1992 तक मुख्यमंत्री रहे।
उनका दूसरा कार्यकाल 1,016 दिन यानी 2 साल 285 दिन का था। इस तरह दोनों कार्यकाल मिलाकर पटवा कुल 1,044 दिन मुख्यमंत्री पद पर रहे। डॉ. मोहन यादव ने 23 अक्टूबर 2026 को ही उनके इस कुल कार्यकाल को पार कर लिया था। वहीं केवल भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना करें तो डॉ. यादव 25 सितंबर 2026 को ही पटवा के 1,016 दिनों के कार्यकाल से आगे निकल गए थे।
भाजपा मुख्यमंत्रियों में शिवराज सिंह चौहान सबसे आगे
मध्यप्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्रियों के कुल कार्यकाल के मामले में शिवराज सिंह चौहान पहले स्थान पर हैं। वे करीब 16 साल 9 महीने तक मुख्यमंत्री रहे।
इस सूची में अब डॉ. मोहन यादव दूसरे स्थान पर हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के दोनों कार्यकाल की कुल अवधि उनसे कम रही है। उमा भारती 259 दिन और बाबूलाल गौर 1 साल 98 दिन तक मुख्यमंत्री पद पर रहे थे।
जनता पार्टी से भाजपा तक का सफर
मध्यप्रदेश में भाजपा के राजनीतिक इतिहास को समझने के लिए जनता पार्टी के दौर का उल्लेख भी जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ था। इससे पहले प्रदेश में जनता पार्टी की सरकार के दौरान कैलाश चंद्र जोशी, वीरेंद्र कुमार सखलेचा और सुंदरलाल पटवा मुख्यमंत्री रह चुके थे। ये तीनों नेता बाद में भाजपा से जुड़े। सुंदरलाल पटवा ने आगे चलकर भाजपा सरकार का भी नेतृत्व किया। इस तरह मध्यप्रदेश की राजनीति में जनता पार्टी से भाजपा तक नेतृत्व का एक क्रम दिखाई देता है।
जनता पार्टी के तीन मुख्यमंत्री, जो बाद में भाजपा से जुड़े
- कैलाश चंद्र जोशी: 24 जून 1977 से 17 जनवरी 1978 तक मुख्यमंत्री रहे। उनका कार्यकाल 6 महीने 24 दिन का था।
- वीरेंद्र कुमार सखलेचा: 18 जनवरी 1978 से 19 जनवरी 1980 तक मुख्यमंत्री रहे। उनका कार्यकाल करीब 2 साल का था।
- सुंदरलाल पटवा: पहला कार्यकाल 20 जनवरी 1980 से 17 फरवरी 1980 तक 28 दिन का रहा। दूसरा कार्यकाल 5 मार्च 1990 से 15 दिसंबर 1992 तक 2 साल 285 दिन का था।
इस तरह डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में सुंदरलाल पटवा के दोनों कार्यकाल का कुल आंकड़ा पीछे छोड़ दिया है। हालांकि भाजपा मुख्यमंत्रियों में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी शिवराज सिंह चौहान के नाम है।




















