सागर में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला महिला का शव, हत्या की आशंका; सिर और गले पर चोट के निशान

मध्य प्रदेश के सागर में कैंट थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार को एक महिला का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के सिर, चेहरे और गले पर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
राहगीर ने देखा शव, पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार, रेलवे ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव पड़ा हुआ था। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
40 से 45 साल बताई जा रही महिला की उम्र
प्राथमिक जांच में महिला की उम्र करीब 40 से 45 साल बताई जा रही है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि महिला रेलवे स्टेशन के आसपास दिखाई देती थी और भीख मांगकर गुजारा करती थी। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। महिला के सिर, चेहरे और गले पर चोटों के निशान हैं। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस महिला की पहचान करने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास और वहां तक आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।




















