Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जानें मालगुड़ी डेज का स्वामी अब कहां है, 17 की उम्र में छोड़ी एक्टिंग, अब IT और ई-गवर्नेंस में बना बड़ा नाम

आरके नारायण के सीरियल से मशहूर हुए मंजूनाथ ने 6 इंटरनेशनल अवॉर्ड जीते, लेकिन 17 साल की उम्र में फिल्में छोड़ दीं। पिता के निधन के बाद संघर्ष किया, इंटरनेट सीखा और कर्नाटक में ई-गवर्नेंस के बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बने।
 जानें मालगुड़ी डेज का स्वामी अब कहां है, 17 की उम्र में छोड़ी एक्टिंग, अब IT और ई-गवर्नेंस में बना बड़ा नाम

बेंगलुरू। मालगुड़ी डेज  (दूरदर्शन के मशहूर धारावाहिक) का स्वामी याद है आपको। हां, वही स्वामी जिसने आरके नारायण की कहानियों पर आधारित सीरियल में शरारती स्कूली बच्चे का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल की थी। इस भूमिका के लिए उन्हें 6 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, 1 राष्ट्रीय पुरस्कार और 1 राज्य स्तरीय पुरस्कार भी मिला। हालांकि इतनी प्रसिद्धि पाने के बाद मंजूनाथ ने 17 साल की उम्र में एक्टिंग से अलग हटकर दूसरी राह चुनी और आईटी में अपना भविष्य बनाया।

/img/126/1794915684142

 बाल कलाकार के रूप में सफल रहे लेकिन…

किशोरावस्था में पहुंचने के बाद उन्हें बाल कलाकार जैसी सफलता नहीं मिली। उस समय कन्नड़ सिनेमा में उनकी उम्र के कलाकारों के लिए ज्यादा रोल उपलब्ध नहीं थे। उस दौर में कलाकारों के सामने या तो बच्चों की भूमिकाएं करने या फिर सीधे वयस्क किरदार निभाने का विकल्प होता था। इसी वजह से 17 साल की उम्र तक उन्होंने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया। 

15 साल की उम्र में पिता को खो दिया

जैसे-जैसे वे बड़े हुए उनकी मुश्किल बढ़ती चली गई। 15 साल की उम्र में उन्होंने पिता को खो दिया। 17 साल की उम्र में उनके पास कोई काम नहीं था। हालांकि, उनकी आखिरी फिल्म 'स्वाति किरणम'  1992 में रिलीज हुई थी। उन्होंने कुछ समय तक दूरदर्शन के धारावाहिकों में काम किया, लेकिन उनका फिल्मी करियर खत्म हो गया।

विदेशियों से सीखा इंटरनेट चलाना

1990 के दशक के आखिरी सालों में बेंगलुरू देश का आईटी हब बनने की तरफ बढ़ चला था। यहां आईटी कंपनियों का विस्तार हो रहा था। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइनबैंगलोर डॉट कॉम में कंटेंट राइटर की नौकरी के लिए आवेदन किया। वे इंटरनेट चलाना नहीं जानते थे लेकिन दावा कर दिया किय उन्हें इंटरनेट चलना आता है। उन्होंने कहा कि एक कॉफी आउटलेट में विदेशियों को कंप्यूटर पर इंटरनेट इस्तेमाल करते देखकर उन्होंने इसकी जानकारी हासिल की थी।

डॉट-कॉम का सफर शुरू हुआ लेकिन ज्यादा नहीं चला

कंप्यूटर और इंटरनेट पर उनका सफर तो शुरू हो गया लेकिन ज्यादा दिन नहीं चल सका। डॉट-कॉम का दौर खत्म होने के साथ ही मंजूनाथ की नौकरी पर भी संकट आ गया। उन्हें उपयोगिता साबित करने के लिए तीन महीने का समय मिला। इस संकट के समय में उन्हें SSLC और PUC परीक्षाओं के नतीजे इंटरनेट पर उपलब्ध कराने का आइडिया आया। उन्होंने इस योजना को लेकर अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें परीक्षा परिणामों का डेटा शेयर करने पर राजी कर लिया। नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के साथ इस पर काम किया गया। यह पहल सफल रही और वे राज्य के बड़े नेताओं और अफसरों की नजर में आ गए।

ई-गवर्नेंस से इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र तक पहुंचा करियर

इसके बाद मंजूनाथ कर्नाटक में ई-गवर्नेंस से जुड़ी कई परियोजनाओं का हिस्सा बने। इनमें प्रॉपर्टी टैक्स के ऑनलाइन भुगतान, भूमि परियोजना के तहत राज्य में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल करने जैसे काम शामिल थे।18 साल तक उन्होंने बेंगलुरु एक्सप्रेसवे कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम किया। फिलहाल मंजूनाथ VIC प्राइवेट लिमिटेड नाम की अपनी कंसल्टेंसी फर्म चला रहे हैं। इस फर्म के जरिए वह निजी कंपनियों और सरकार के बीच नीतिगत तालमेल बनाने में मदद करते हैं।

एक्टर बनना बस एक इत्तेफाक था

मंजूनाथ के माता-पिता का फिल्म इंडस्ट्री से कोई संबंध नहीं था। काम पर जाते समय उनके माता-पिता उन्हें घर पर अकेला नहीं छोड़ सकते थे। इसलिए वे उन्हें अपने घर के पास स्थित एक फिल्म सेट पर बच्चों की देखभाल के लिए बनाई गई जगह पर छोड़ने लगे। 'जिमी जिमी' पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि एक पार्ट-टाइम प्रोडक्शन मैनेजर की नजर उन पर पड़ी। उन्हें लगा कि मंजूनाथ काफी बोलते हैं और कैमरे के सामने अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं इस तरह कन्नड़ फिल्म 'अजीत' में काम से उनके फिल्मी करियर की शुरुआत हुई।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts