Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूपी में SIR के बाद 18 लाख 84 हजार बढ़े मतदाता, ड्राफ्ट लिस्ट जारी; 13.58 करोड़ हुए वोटर

उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 की आलेख मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में सुधार के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां मांगी हैं।
यूपी में SIR के बाद 18 लाख 84 हजार बढ़े मतदाता, ड्राफ्ट लिस्ट जारी; 13.58 करोड़ हुए वोटर
यूपी में SIR के बाद 18 लाख 84 हजार बढ़े मतदाता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि आलेख सूची में 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। इसके लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।

यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 13.58 करोड़ मतदाता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। आलेख सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस तरह प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता हैं, जबकि प्रदेश का लिंग अनुपात 840 है।

ये भी पढ़ें: SIR पर INDIA ब्लॉक के 48 सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त समेत तीनों आयुक्तों से व्यक्तिगत पूछताछ की मांग; सुप्रीम कोर्ट में याचिका

पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी

10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना में नई आलेख सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 बढ़ी है। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा हुआ है। दूसरी ओर, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 18 लाख 84 हजार 113 बढ़ी है।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान

पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए 21 और 22 और 28, 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। उनके पास आलेख मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा 17 से 20 नवंबर के बीच BLO और सुपरवाइजर अपने बूथों की मतदाता सूची का टेबल टॉप परीक्षण करेंगे।

Breaking News

नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, जिन पात्र नागरिकों का नाम आलेख सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम के खिलाफ आपत्ति या नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, पते में बदलाव, विवरण में सुधार, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांगता चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाता फॉर्म-6A के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन

मतदाता संबंधित आवेदन BLO, पदाभिहित अधिकारी, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ECINet मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब, NSS, NCC, भारत स्काउट और गाइड और स्वयंसेवी संगठनों की मदद से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं के पंजीकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, ANM और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जाएगी। राशन दुकानों, औद्योगिक संस्थानों, आवासीय समितियों, अधिवक्ता संगठनों और श्रमिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।

2,042 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात

प्रदेश में वर्तमान में 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 2,042 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात हैं, जो दावे और आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। आलेख मतदाता सूची मतदान केंद्रों, BLO, ECINet ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in के साथ voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है। निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल और ECINet ऐप की सुविधा भी है। 11 अप्रैल से 16 नवंबर 2026 के बीच राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर 66,698 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 66,091 यानी 99 प्रतिशत का निस्तारण किया जा चुका है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts