अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 3 की मौत; 4 गंभीर घायल

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। खोडरी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 2 बजे जिले के आखिरी छोर पर हुआ।
एक बाइक पर चार, दूसरी पर तीन लोग थे सवार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय एक बाइक पर चार और दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। इनमें से एक बाइक पर एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे बैठे थे। बताया जा रहा है कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। सभी मृतक अनूपपुर जिले के छताई गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक की पहचान गोंड निवासी 27 वर्षीय राम सिंह के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य मृतकों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। परिजनों के पहुंचने और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां उनका इलाज जारी है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किए जाने की बात कही गई है।
घायलों के बयान के बाद पता चलेगी हादसे की वजह
एसपी अंकित सोनी के मुताबिक, हादसे में दो पुरुषों और एक बच्चे की मौत हुई है। वहीं, एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि एक बच्चे को हल्की चोट आई है। फिलहाल घायल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




















