Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले सियासी घमासान, कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर पुलिस के आदेश से विवाद

मध्यप्रदेश कांग्रेस के 26 नवंबर को प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च से पहले भोपाल में सियासी विवाद शुरू हो गया है। राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना के बीच पुलिस कमिश्नर के प्रतिबंधात्मक आदेश पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जंबूरी मैदान में आयोजन की सलाह दी। कांग्रेस ने नियमों के तहत अनुमति लेकर कार्यक्रम करने और स्थान तय करने के लिए बैठक बुलाने की बात कही है।
राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले सियासी घमासान, कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर पुलिस के आदेश से विवाद
फाइल फोटो

भोपाल। मध्यप्रदेश में 26 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, मार्च से पहले ही राजधानी में धरना-प्रदर्शन और रैलियों को लेकर पुलिस कमिश्नर के प्रतिबंधात्मक आदेश ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश बताया है, जबकि भाजपा नेताओं का कहना है कि भोपाल में कार्यक्रम करने पर कोई रोक नहीं है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को जंबूरी मैदान में आयोजन करने की सलाह दी है।

कमलेश्वर पटेल ने सरकार पर लगाया लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप

X Post

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने पुलिस कमिश्नर के आदेश को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 26 नवंबर को वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है, जिसके बाद से सरकार की घबराहट सामने आने लगी है। पटेल के मुताबिक, पुलिस का पहरा और प्रशासनिक प्रतिबंध कांग्रेस को लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ने से नहीं रोक सकते। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस 26 नवंबर को अपनी आवाज मजबूती से उठाएगी।

रामेश्वर शर्मा बोले- भोपाल में कार्यक्रम करने पर कोई रोक नहीं

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भोपाल में कार्यक्रम करने से किसी ने मना नहीं किया है। कांग्रेस चाहे तो अनुमति लेकर जंबूरी मैदान में आयोजन कर सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन फ्लॉप होने के बाद राहुल गांधी अब राज्यों में कार्यक्रम करने निकल रहे हैं। शर्मा ने कांग्रेस पर वोट चोरी जैसे मुद्दों के जरिए संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे के दौरान पटवारी का एजेंडा आगे बढ़ाया जाता है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी होती है।

ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने 5 राज्यों के चुनाव के लिए बनाई स्क्रीनिंग कमेटी, अजय माकन को यूपी और प्रसाद को पंजाब की जिम्मेदारी

मुकेश नायक बोले- नियमों के मुताबिक अनुमति लेकर करेंगे मार्च

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि पार्टी ने पहले भी बिना अनुमति कोई कार्यक्रम नहीं किया है। इस बार भी नियमानुसार आवेदन देकर अनुमति मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत आंदोलन और सत्याग्रह करने का अवसर मिलना चाहिए। कार्यक्रम का स्थान तय करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इसमें वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद प्रशासन के समक्ष आयोजन की अनुमति के लिए आवेदन किया जाएगा। नायक ने कहा कि कांग्रेस नियमों के दायरे में रहकर अपना कार्यक्रम आयोजित करेगी।

सड़क पर होने वाले आयोजनों का हवाला देकर भाजपा को घेरा

जंबूरी मैदान में कार्यक्रम करने की भाजपा विधायक की सलाह पर मुकेश नायक ने कहा कि सत्तापक्ष के नेता खुद सड़कों पर खड़े होकर भाषण और आयोजन करते हैं, जिससे भोपाल का यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि शहर में बारातें, धार्मिक जुलूस और शोभायात्राएं भी निकलती हैं और इनके कारण लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केवल विपक्ष के कार्यक्रमों को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है। 

ये भी पढ़ें: शिवपुरी में बोले जीतू पटवारी-भाजपा ने प्रदेश को पूरी तरह दिशाहीन बना दिया, प्रदेश के हर व्यक्ति पर कर्ज का बोझ लद गया

यह है पुलिस कमिश्नर का प्रतिबंधात्मक आदेश

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने 16 नवंबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार भोपाल नगरीय क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर (आसूचना एवं सुरक्षा) की पूर्व अनुमति के बिना धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, जुलूस, रैली, आमसभा, पुतला दहन, पदयात्रा और घेराव नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर आयोजकों से उसकी भरपाई भी कराई जा सकेगी।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts