रीवा में सरकारी शिक्षक ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

मध्य प्रदेश के रीवा में मंगलवार सुबह एक सरकारी शिक्षक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कमरे में अकेले थे शिक्षक, गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी सुभाष तिवारी (48) के रूप में हुई है। वे शासकीय स्कूल टीकर में पदस्थ थे। घटना सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय सुभाष कमरे में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन कमरे में पहुंचे तो सुभाष खून से लथपथ हालत में पीठ के बल पड़े मिले। उनकी लाइसेंसी पिस्टल छाती पर रखी हुई थी।
मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के लिए आसपास की वस्तुएं जब्त की गई हैं। इनके फिंगरप्रिंट का मिलान किया जाएगा। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




















