Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के उपाध्यक्ष बने शैलेश के. पाठक, तीन वर्ष तक संभालेंगे जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश सरकार ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास को गति देने के लिए एनएसई मुंबई के वरिष्ठ सलाहकार शैलेश के. पाठक को एसपीवी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन साल होगा। कॉरिडोर के पहले चरण में 10 हजार एकड़ में औद्योगिक हब विकसित करने और मार्च 2028 तक एक लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य है।
जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के उपाध्यक्ष बने शैलेश के. पाठक, तीन वर्ष तक संभालेंगे जिम्मेदारी
फाइल फोटो

भोपाल। मध्यप्रदेश में जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के संचालन और समेकित विकास के लिए गठित विशेष प्रयोजन साधन (एसपीवी) में शैलेश के. पाठक को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। पाठक वर्तमान में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई), मुंबई में वरिष्ठ सलाहकार हैं। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। उनका कार्यकाल तीन साल निर्धारित किया गया है। हालांकि, दोनों पक्षों की सहमति से इसे आगे बढ़ाया जा सकेगा। एसपीवी के उपाध्यक्ष के अधिकार, दायित्व और कार्यक्षेत्र को लेकर शासन अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

तीन साल में तीन लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य 

इस नियुक्ति के पीछे सरकार की मंशा प्रदेश के तीन प्रमुख आर्थिक केंद्रों को एकीकृत औद्योगिक नेटवर्क के रूप में विकसित करना है। 15 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस परियोजना के लिए पूरी तरह सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी के गठन को मंजूरी दी गई थी। इसके लिए 100 करोड़ रुपये की शुरुआती पूंजी निर्धारित की गई है। पहले चरण में करीब 10 हजार एकड़ जमीन पर तीन से पांच औद्योगिक हब विकसित करने की योजना है। सरकार का लक्ष्य मार्च 2028 तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करना और तीन लाख से ज्यादा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार करना है। अगले तीन वर्षों में कुल निवेश का लक्ष्य तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है।

ये भी पढ़ें: PU Special : जनवरी 2027 में होने वाली मप्र की ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर संशय, प्रधानमंत्री कार्यालय से तारीख तय नहीं, बड़े आयोजनों ने बढ़ाई मुश्किल

सात जिलों में अलग-अलग सेक्टर के औद्योगिक हब 

करीब 600 किलोमीटर के प्रस्तावित कॉरिडोर से जबलपुर, भोपाल और इंदौर के साथ नरसिंहपुर, रायसेन, सीहोर और देवास जिले भी जुड़ेंगे। योजना में जबलपुर को इंजीनियरिंग, रक्षा उत्पादन, एयरोस्पेस और लॉजिस्टिक्स; भोपाल को आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी; नरसिंहपुर और रायसेन को फूड प्रोसेसिंग तथा कृषि आधारित उद्योगों के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है। वहीं, सीहोर-देवास में मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स तथा इंदौर में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और आईटी सेक्टर पर जोर रहेगा। अगले छह महीने में जीआईएस मैपिंग और लैंड बैंक तैयार करने तथा एक साल में प्राथमिक औद्योगिक हब का मास्टर प्लान बनाने का लक्ष्य है। 

ये भी पढ़ें: PU Special : मप्र में GIS-2027 से पहले आएगी एक्सप्लोरेशन पॉलिसी, कहां कितना हीरा, सोना, कोयला और अन्य मिनरल, तैयार होगा वैज्ञानिक डाटा

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts