Maruti Suzuki Dzire का बडा रिकॉर्ड, कुल प्रोडक्शन 35 लाख यूनिट के पार; 19 साल में हासिल की खास उपलब्धि

नई दिल्ली। Maruti Suzuki Dzire ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी की इस लोकप्रिय सब-कॉम्पैक्ट सेडान का कुल उत्पादन 35 लाख यूनिट के पार पहुंच गया है। साल 2008 में भारतीय बाजार में पहली बार पेश की गई डिजायर ने करीब 19 साल के सफर में यह उपलब्धि हासिल की है। मारुति सुजुकी के मानेसर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार होने वाली डिजायर कंपनी के प्रमुख मॉडलों में शामिल है। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी इस कार की बिक्री की जाती है। अपनी चार पीढियों के दौरान डिजायर ने भारतीय सब-कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में लगातार मजबूत मौजूदगी बनाए रखी है।
यह भी पढ़ें: Ducati Monster Dark हुई पेश, 890cc V2 इंजन और ऑल-ब्लैक लुक के साथ आएगी नई बाइक
- पहली बार 2008 में भारतीय बाजार में लॉन्च हुई थी।
- अब तक इस सेडान की चार पीढियां पेश की जा चुकी हैं।
- फिलहाल मानेसर प्लांट में इसका निर्माण किया जा रहा है।
- हाल की 1 लाख यूनिट का उत्पादन पूरा करने में 4 साल और 4 महीने लगे।
- ऑटोमैटिक S-CNG वेरिएंट की प्रमाणित फ्यूल एफिशिएंसी 36.47 km/kg है।
10 लाख से 35 लाख यूनिट तक का सफर, तेजी से बढा उत्पादन
Maruti Suzuki Dzire की उत्पादन यात्रा पर नजर डालें तो पिछले कुछ वर्षों में इसकी मैन्युफैक्चरिंग की रफ्तार में उल्लेखनीय तेजी आई है। कंपनी ने अप्रैल 2015 में इसके उत्पादन का 10 लाख यूनिट का आंकडा पार किया था। इसके बाद जून 2019 में कुल उत्पादन 20 लाख यूनिट तक पहुंच गया। डिजायर ने दिसंबर 2024 में 30 लाख यूनिट का आंकड़ा हासिल किया। वहीं, अक्टूबर 2026 तक इसका कुल उत्पादन बढकर 35 लाख यूनिट के पार पहुंच गया। उत्पादन से जुडे आंकडे बताते हैं कि शुरुआती 10 लाख यूनिट तैयार करने में कंपनी को 7 साल और 3 महीने का समय लगा था। इसके मुकाबले हाल की 1 लाख यूनिट का उत्पादन महज 4 साल और 4 महीने में पूरा किया गया। कंपनी के मुताबिक, डिजायर ने पिछले 19 वर्षों से सब-कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में मारुति सुजुकी की मजबूत स्थिति बनाए रखने में अहम योगदान दिया है।
चार पीढियों में बदली Maruti Dzire, डिजाइन और फीचर्स में हुए सुधार
साल 2008 में लॉन्च होने के बाद से Maruti Suzuki Dzire की चार पीढियां बाजार में आ चुकी हैं। इस दौरान कंपनी ने ग्राहकों की बदलती पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार के डिजाइन, आराम और फीचर्स में लगातार बदलाव किए हैं। मारुति सुजुकी का मानना है कि डिजायर की लोकप्रियता के पीछे इसका आकर्षक डिजाइन, आरामदायक केबिन और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिहाज से उपयोगी फीचर्स हैं। इस सेडान का नया जनरेशन मॉडल नवंबर 2024 में लॉन्च किया गया था। इसमें पहले के मुकाबले नया डिजाइन दिया गया है। साथ ही, कार के केबिन को टू-टोन थीम के साथ अपडेट किया गया और फीचर्स में भी सुधार किया गया। कंपनी ने नए मॉडल में बेहतर माइलेज पर भी ध्यान दिया है।
5-स्टार Bharat NCAP रेटिंग हासिल करने वाली पहली सब-कॉम्पैक्ट सेडान
Maruti Suzuki Dzire ने सुरक्षा के मामले में भी एक बडी उपलब्धि दर्ज की है। यह 5-स्टार Bharat NCAP सेफ्टी रेटिंग हासिल करने वाली भारत की पहली सब-कॉम्पैक्ट सेडान बनी। इस उपलब्धि से मास-मार्केट सेडान सेगमेंट में डिजायर की पहचान और मजबूत हुई है। बेहतर डिजाइन, सुविधाओं और सुरक्षा के साथ कंपनी ने इस मॉडल को ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने की कोशिश की है।
2025 में भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही Dzire
मारुति सुजुकी के अनुसार, कैलेंडर वर्ष 2025 में डिजायर देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। घरेलू बाजार में लगातार मांग और विदेशों में इसकी बिक्री ने भी इसके उत्पादन आंकडे को बढाने में योगदान दिया है। कुल मिलाकर, 35 लाख यूनिट का आंकडा पार करना Maruti Suzuki Dzire की भारतीय बाजार में लंबी सफलता को दर्शाता है। चार पीढियों के बदलाव, बेहतर फीचर्स, माइलेज और सुरक्षा से जुडे सुधारों के साथ यह सेडान कंपनी के सबसे महत्वपूर्ण मॉडलों में अपनी जगह बनाए हुए है।




















