Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भारत का अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म AboutUs लॉन्च, एक ही जगह मिलेंगी नौकरी, बिजनेस और कमाई की सुविधाएं

भारत का अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म AboutUs लॉन्च हो गया है। इस पर आम लोग, कंटेंट क्रिएटर्स, बिजनेस, मीडिया संस्थान और सरकारी संगठन जुड़ सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर फोटो-वीडियो शेयरिंग, न्यूज पब्लिशिंग, नौकरी, इवेंट, पोल और शिकायत दर्ज कराने जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा पात्र यूजर्स पेड कम्युनिटी मेंबरशिप और विज्ञापनों के जरिए कमाई भी कर सकेंगे।
भारत का अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म AboutUs लॉन्च, एक ही जगह मिलेंगी नौकरी, बिजनेस और कमाई की सुविधाएं

भारत में सोशल मीडिया की दुनिया में एक नए प्लेटफॉर्म AboutUs की एंट्री हुई है। इसे भारत में ही विकसित किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर आम लोगों से लेकर कंटेंट क्रिएटर्स, कारोबारियों, मीडिया संस्थानों और सरकारी संगठनों तक को जुड़ने का मौका मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, AboutUs को इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स यहां फोटो, वीडियो और पोस्ट शेयर करने के साथ नौकरी, बिजनेस, न्यूज और सार्वजनिक मुद्दों से जुड़ी गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकें।

'इंडिया का सोशल मीडिया' की पहचान के साथ पेश किया गया AboutUs सिर्फ लोगों को आपस में जोड़ने तक सीमित नहीं है। इसमें अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से अकाउंट बनाने, जानकारी साझा करने और पात्र यूजर्स के लिए कमाई के विकल्प भी दिए गए हैं।

अलग-अलग यूजर्स के लिए होंगे खास अकाउंट

AboutUs की सबसे खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग तरह के यूजर्स के लिए अलग अकाउंट कैटेगरी बनाई गई हैं। इनमें सरकारी और राजनीतिक प्रतिनिधि, बिजनेस, मीडिया संस्थान, पत्रकार, सार्वजनिक हस्तियां, कंटेंट क्रिएटर्स और आम यूजर्स शामिल हैं।

- सरकारी और राजनीतिक अकाउंट: इनके जरिए राजनीतिक दल और सरकारी प्रतिनिधि अपने घोषणापत्र, योजनाओं और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे। नागरिक भी उनकी प्राथमिकताओं और संबंधित चर्चाओं को देख सकेंगे।

- बिजनेस अकाउंट: कारोबारी अपने प्रोडक्ट और सर्विस की जानकारी दे सकेंगे। साथ ही नौकरी के अवसर भी पोस्ट कर सकेंगे।

- मीडिया अकाउंट: मीडिया संस्थानों और पत्रकारों को न्यूज और आर्टिकल प्रकाशित करने की सुविधा मिलेगी।

- क्रिएटर्स और सार्वजनिक हस्तियां: ये अपने कंटेंट को शेयर करने के साथ फॉलोअर्स और कम्युनिटी बना सकेंगे।

- आम यूजर्स: सामान्य लोग अपनी तस्वीरें, वीडियो, अनुभव और विचार साझा कर सकेंगे।

कंपनी का कहना है कि इन अलग-अलग अकाउंट कैटेगरी का उद्देश्य यूजर्स को यह समझने में मदद करना है कि वे किस तरह के अकाउंट से जुड़ रहे हैं और वहां किस तरह की जानकारी मिलेगी।

पोस्ट, फोटो-वीडियो के साथ नौकरी और पोल की सुविधा

AboutUs पर यूजर्स को सामान्य सोशल मीडिया की तरह पोस्ट, फोटो और वीडियो शेयर करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यहां नौकरी, इवेंट और पोल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। यूजर्स अपनी पसंद के अकाउंट को फॉलो कर सकेंगे और उनसे जुड़े अपडेट देख सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर पिनबोर्ड नाम का एक फीचर भी है। इसके जरिए यूजर्स जरूरी पोस्ट, बिजनेस अपडेट, घोषणाएं और सार्वजनिक मुद्दों से जुड़ी जानकारियां अलग से प्रदर्शित कर सकेंगे।

Tech

शिकायत दर्ज कराने का भी मिलेगा विकल्प

इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स अपनी शिकायतें और समस्याएं भी उठा सकेंगे। वे संबंधित संस्थानों या अकाउंट्स तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं। इसके जरिए किसी सार्वजनिक समस्या पर ध्यान आकर्षित करने और उसके फॉलोअप की सुविधा मिलेगी। हालांकि, शिकायत पर कार्रवाई करना और उसका समाधान करना संबंधित संस्था या सरकारी विभाग की जिम्मेदारी होगी।

AboutUs से होगी कमाई, मिलेंगे ये विकल्प

AboutUs पर सिर्फ सोशल नेटवर्किंग ही नहीं, बल्कि कमाई के अवसर भी दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक, पात्र यूजर्स के लिए कमाई के तीन प्रमुख विकल्प उपलब्ध होंगे।

1. पेड कम्युनिटी मेंबरशिप: कम्युनिटी बनाने वाले क्रिएटर्स अपने ग्रुप या कम्युनिटी की सदस्यता के लिए फीस ले सकेंगे। इससे वे अपने कंटेंट, जानकारी और खास रुचियों के आधार पर पेड कम्युनिटी चला पाएंगे।

2. प्रोफाइल विज्ञापन: पात्र यूजर्स अपनी प्रोफाइल पर दिखाए जाने वाले विज्ञापनों के जरिए कमाई कर सकेंगे।

3. विज्ञापन से होने वाली कमाई में हिस्सा: प्लेटफॉर्म पर तय नियमों और प्रदर्शन के आधार पर यूजर्स को विज्ञापन से होने वाली कमाई में हिस्सा मिल सकता है।

हालांकि, इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता और प्लेटफॉर्म की शर्तों को पूरा करना होगा। कमाई की कोई गारंटी नहीं है। यह मेंबरशिप, विज्ञापनों और कंटेंट के प्रदर्शन जैसे कारकों पर निर्भर करेगी।

किस कंपनी ने बनाया AboutUs?

AboutUs का संचालन Parsona System Global Private Limited कर रही है। कंपनी के फाउंडर और CEO मनीष गुप्ता हैं। कंपनी के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म का मकसद व्यक्तिगत अभिव्यक्ति, रोजगार और कारोबार के अवसरों के साथ सार्वजनिक संवाद को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना है।

इसे भारत के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, लेकिन कंपनी की योजना इसे दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराने की भी है। AboutUs की वेबसाइट के अलावा इसका मोबाइल ऐप Google Play Store और Apple App Store पर भी उपलब्ध है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts