जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, इंस्टाग्राम पर दी जानकारी

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर शेयर की और उन्हें टैग करते हुए लिखा, “कल एक नई यात्रा शुरू हुई।” शादी के एक दिन बाद उन्होंने यह अपडेट अपने फॉलोअर्स के साथ साझा किया।
इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर किया ऐलान
उमर अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में निधि राजदान के साथ तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “A new journey began yesterday” यानी 'कल एक नई यात्रा शुरू हुई।' पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया।
तीन महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने तलाक पर दी थी सहमति
यह शादी उमर अब्दुल्ला और उनकी अलग रह रहीं पत्नी पायल अब्दुल्ला के बीच तलाक के करीब तीन महीने बाद हुई है। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद उनका विवाह समाप्त करने की बात कही थी। दोनों ने अपने बीच लंबित विवादों को सुलझाने और एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।
यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के तलाक देने से इनकार करने के फैसले को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने की अर्जी दी थी। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कोर्ट को बताया था कि दोनों अपने मतभेद सुलझाने पर सहमत हो गए हैं।
1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। उनके दो बेटे जाहिर और जमीर हैं। दोनों 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने 2011 में अलग होने की जानकारी सार्वजनिक की थी।




















