Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शिवा शर्मा मौत मामला: श्रद्धा दुबे की कस्टडी बढ़ी, मोबाइल फोन से खुल सकते हैं बड़े राज

लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। तीनों को सिविल कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। इस मामले में पुलिस अब श्रद्धा के उस मोबाइल फोन की तलाश कर रही है, जिसे उसने नेपाल में तोड़कर फेंक दिया था।
शिवा शर्मा मौत मामला: श्रद्धा दुबे की कस्टडी बढ़ी, मोबाइल फोन से खुल सकते हैं बड़े राज
श्रद्धा दुबे की कस्टडी बढ़ी

जांच में सामने आया है कि श्रद्धा ने पुलिस से अपने निजी मोबाइल फोन की जानकारी छिपाई थी। पुलिस को उसके पास से जो फोन मिला है, वह उसने कुछ दिन पहले ही खरीदा था। इस बीच नेपाल से लखनऊ लौटने के बाद एक फोन कॉल आने पर श्रद्धा ने सरेंडर करने का इरादा बदल दिया था। पुलिस अब उस कॉल और फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

नेपाल में तोड़कर फेंका अपना निजी मोबाइल फोन

पुलिस अब तक श्रद्धा दुबे का निजी मोबाइल फोन बरामद नहीं कर पाई है। जांच में पता चला है कि नेपाल में रहने के दौरान उसने अपना निजी फोन तोड़कर फेंक दिया था। आशंका जताई जा रही है कि इस मोबाइल के जरिए श्रद्धा कई अधिकारियों और सफेदपोश लोगों के संपर्क में थी। उनके नाम सामने न आएं, इसलिए उसने फोन नष्ट कर दिया।

ये भी पढ़ें: श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को 24 अक्टूबर तक ट्रांजिट रिमांड में भेजा गया, नागपुर से लखनऊ ले जा रही पुलिस

बहन के फोन की जानकारी दी

पुलिस पूछताछ में श्रद्धा ने बताया था कि उसकी बहन रश्मि का मोबाइल फोन नेपाल में कहीं गिर गया था। हालांकि, उसने अपने दूसरे निजी मोबाइल फोन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस को श्रद्धा के पास से जो मोबाइल मिला है, वह उसने कुछ दिन पहले ही खरीदा था। बताया जा रहा है कि इस नए फोन से उसने ज्यादा बातचीत नहीं की थी।

फोन कॉल आने के बाद बदल दिया सरेंडर करने का प्लान

9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ नेपाल भाग गई थी। वहां से वह अपने करीबियों के जरिए लखनऊ की गतिविधियों की जानकारी ले रही थी। नेपाल से लखनऊ लौटने के बाद वह हाईकोर्ट में अपने वकील से मिलने पहुंची थी, लेकिन मुलाकात के कुछ देर बाद उसके पास एक फोन आया। इसके बाद उसने सरेंडर करने का इरादा बदल दिया और कानपुर चली गई। फिर वह लगातार अपनी लोकेशन बदलती रही। पुलिस अब उस कॉल और फोन करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।

Breaking News

नेपाल पहुंचाने में मदद करने वाला आमिर भी जांच के दायरे में

श्रद्धा को नेपाल पहुंचाने में मदद करने वाले आमिर की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है। पूछताछ के दौरान श्रद्धा ने आमिर का नाम लिया था और बताया था कि उसी ने उसे नेपाल पहुंचाने में मदद की थी। पुलिस एफआईआर में भी उसका नाम शामिल करने की तैयारी कर रही थी। हालांकि, एक सप्ताह बीतने के बाद भी आमिर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब पुलिस श्रद्धा की मदद करने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें: शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, बहन और ड्राइवर भी पकड़े गए

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी कारोबारी शिवा शर्मा की मौत

बता दें कि 9 अक्टूबर की रात लखनऊ के हजरतगंज में चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह श्रद्धा दुबे के चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट से नीचे गिर गया था। इस मामले में शिवा के परिजनों ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना के बाद श्रद्धा मौके से फरार होकर नेपाल चली गई थी। पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया और जांच में एसटीएफ को भी लगाया गया। बाद में पुलिस ने तीनों आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया था।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts