MP की 17 साल की हीमा ने रुकवाया अपना बाल विवाह, प्रिंसिपल की मदद से बचाया भविष्य; फुटबॉलर डेविड बेकहम ने भी की तारीफ

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की 17 साल की हीमा निनामा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में चर्चा का विषय बन गई हैं। इसकी वजह है उनका साहस और अपनी जिंदगी का फैसला खुद लेने की हिम्मत। करीब दो साल पहले जब परिवार उनकी कम उम्र में शादी कराने की तैयारी कर रहा था, तब हीमा ने हार मानने के बजाय अपने स्कूल के प्रिंसिपल से मदद मांगी। प्रिंसिपल की समझाइश के बाद परिवार ने शादी का फैसला बदल दिया और हीमा की पढ़ाई जारी रही। आज हीमा 12वीं कक्षा में पढ़ रही हैं। उनकी कहानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी डेविड बेकहम ने भी सोशल मीडिया पर उनकी कहानी को साझा कर सराहना की है।
कौन हैं हीमा निनामा, जिनकी कहानी पहुंची दुनिया तक?
हीमा निनामा मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के बरखेड़ा गांव की रहने वाली हैं। वह कल्याणपुरा के सांदीपनि विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ हीमा खेलकूद और दूसरी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। हीमा की जिंदगी में करीब दो साल पहले एक ऐसा मोड़ आया, जब उनके परिवार में उनकी शादी की बातचीत शुरू हो गई। उस समय उनकी उम्र महज 15 साल थी। कम उम्र में शादी की बात से परेशान हीमा ने चुप रहने के बजाय अपने स्कूल के प्रिंसिपल से संपर्क किया। उन्होंने उनसे अपनी परेशानी बताई और बाल विवाह रुकवाने में मदद मांगी।

डेविड बेकहम ने भी की हीमा की हिम्मत की सराहना
हीमा की कहानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने में यूनिसेफ की भूमिका भी अहम रही। फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी डेविड बेकहम ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी कहानी को साझा किया। इसके बाद हीमा की संघर्ष और हिम्मत की कहानी दुनियाभर के लोगों तक पहुंची। हीमा के लिए यह अनुभव बेहद खास है। उनका कहना है कि उन्हें खुशी है कि उनकी कहानी से दूसरी लड़कियों को भी प्रेरणा मिल सकती है।
भोपाल में बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट, ‘लाड़ो अभियान’ के तहत बढ़ेगी निगरानी

प्रिंसिपल की एक पहल ने बदल दी हीमा की जिंदगी
हीमा की बात सुनने के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने उनके परिवार से संपर्क किया। उन्होंने हीमा के पिता को समझाया कि 18 साल से कम उम्र में लड़की की शादी करना कानून के खिलाफ है। उन्होंने परिवार को यह भी बताया कि हीमा पढ़ाई में अच्छी हैं और उनमें आगे बढ़ने की काफी क्षमता है। प्रिंसिपल के मुताबिक, परिवार ने शुरुआत में हीमा की दिव्यांगता का हवाला देते हुए उनकी जल्दी शादी कराने की बात कही थी। लेकिन बातचीत और समझाइश के बाद पिता मान गए। परिवार ने शादी का फैसला टाल दिया और हीमा को आगे पढ़ने का मौका मिला। इस तरह हीमा की हिम्मत और प्रिंसिपल के सही समय पर उठाए गए कदम ने उनका भविष्य बदलने में अहम भूमिका निभाई।
सीहोर में देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट, जिलेभर में निगरानी टीमें तैनात
पढ़ाई के साथ खेलों में भी दिखा रहीं दम
बाल विवाह रुकने के बाद हीमा ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और दूसरे क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। वह दौड़ और शॉट पुट जैसे खेलों में हिस्सा लेती हैं। शॉट पुट में वह जिला स्तर पर पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। इसके अलावा हीमा निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेती हैं। इन गतिविधियों में भी उन्हें जिला स्तर पर पुरस्कार मिले हैं। हीमा का कहना है कि यूनिसेफ (UNICEF) के लोगों को जब उनकी कहानी के बारे में पता चला, तो उन्हें काफी मदद और प्रोत्साहन मिला। डेविड बेकहम की ओर से सोशल मीडिया पर उनकी कहानी साझा किए जाने से उन्हें खुशी हुई। हीमा के मुताबिक, उनकी कहानी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच गई है और उन्हें लोगों का समर्थन मिल रहा है।
अब टीचर बनना चाहती हैं हीमा
हीमा का सपना भविष्य में शिक्षक बनने का है। वह फिलहाल 12वीं की पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य की तैयारी कर रही हैं। उनका मानना है कि लड़कियों को कम उम्र में शादी के बजाय अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान देना चाहिए। हीमा ने दूसरी लड़कियों से अपील की है कि वे बाल विवाह के लिए सहमति न दें और अपने भविष्य को प्राथमिकता दें, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
क्या कहता है बाल विवाह कानून?
भारत में बाल विवाह निषेध कानून के तहत 18 साल से कम उम्र की लड़की और 21 साल से कम उम्र के लड़के को विवाह के लिए बच्चा माना जाता है। ऐसे विवाह को रोकने के लिए कानून में प्रावधान किए गए हैं। यूनिसेफ के अनुसार, बाल विवाह दुनिया के कई देशों में आज भी एक गंभीर समस्या है। वैश्विक स्तर पर लगभग हर पांच में से एक लड़की का विवाह 18 साल की उम्र से पहले हो जाता है। गरीबी, सामाजिक दबाव, संघर्ष और शिक्षा की कमी जैसी परिस्थितियां इस समस्या को बढ़ाती हैं। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों में भी 2030 तक बाल विवाह जैसी कुप्रथा को खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।



















