Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 2,067 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त

कटनी के तेवरी और स्लीमनाबाद में प्रशासन ने दो फर्मों के गोदामों से 2,067.32 क्विंटल धान जब्त की। ई-अनुज्ञा पोर्टल के स्टॉक में अंतर मिलने पर कार्रवाई की गई।
कटनी में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 2,067 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
कटनी में धान पर प्रशासन का छापा

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने अवैध भंडारण और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को तेवरी और स्लीमनाबाद में अलग-अलग गोदामों का निरीक्षण कर प्रशासनिक टीम ने कुल 2,067.32 क्विंटल धान जब्त की। जब्त धान की कीमत और संबंधित फर्मों के खिलाफ आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल और संबंधित अधिकारी जिले में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत स्लीमनाबाद तहसीलदार आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में टीम ने ग्राम तेवरी स्थित असाटी किराना स्टोर के गोदामों पर औचक जांच की।

तेवरी में स्टॉक से ज्यादा मिली धान, 195 क्विंटल जब्त

जांच के दौरान असाटी किराना स्टोर के गोदामों में 195.32 क्विंटल धान भंडारित मिली। ई-अनुज्ञा पोर्टल से मिलान करने पर फर्म के नाम केवल 105.25 क्विंटल धान का वैध स्टॉक दर्ज पाया गया। स्टॉक की जांच में अंतर सामने आने पर टीम ने मौके पर मौजूद 195.32 क्विंटल धान जब्त कर ली।

Katni

स्लीमनाबाद में तीन गोदामों से 1,872 क्विंटल धान जब्त

इसी तरह स्लीमनाबाद स्थित श्री हर्ष ट्रेडिंग कंपनी के तीन गोदामों की जांच की गई। यहां 1,872 क्विंटल धान भंडारित मिली, जबकि ई-अनुज्ञा पोर्टल पर फर्म के नाम 2,124 क्विंटल धान का स्टॉक दर्ज था। स्टॉक में अंतर मिलने के बाद प्रशासन ने गोदामों में उपलब्ध पूरी धान आगामी आदेश तक जब्त कर ली।

पहले भी जब्त की जा चुकी है 500 क्विंटल धान

प्रशासन की ओर से इससे पहले कटनी-जबलपुर बायपास से करीब 300 क्विंटल और मोहास से लगभग 200 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त की गई थी। इन मामलों में दांडिक शुल्क भी वसूला गया है। प्रशासन के मुताबिक, मौजूदा मामलों की विस्तृत जांच के बाद कृषि उपज मंडी समिति, कटनी द्वारा नियमानुसार दांडिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव, सहायक आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी और मंडी उपनिरीक्षक सुधीर त्रिपाठी एवं प्रशांत मौर्य मौजूद रहे।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts