भोपाल में गणेश विसर्जन की तैयारियां पूरी, 7 घाटों पर इंतजाम; 13 क्रेन, 12 पोकलेन तैनात

भोपाल। शहर के प्रमुख घाटों पर लाइफ जैकेट, ट्यूब, रस्सी और अन्य संसाधनों के साथ कर्मचारी तैनात रहेंगे। लोगों को पानी में उतरने की मनाही रहेगी और मूर्तियों के विसर्जन के लिए क्रेन और पोकलेन की मदद ली जाएगी। नगर निगम दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर स्टॉल लगाएगा, जहां भक्त पूजा के बाद मूर्तियां जमा कर सकेंगे। सभी प्रमुख 7 विसर्जन घाटों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर तैनात रहेंगे।
दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लगेंगे स्टॉल
शहर के लालघाटी चौराहा, गांधी नगर, करोंद चौराहा, कोलार, रायसेन रोड, अवधपुरी समेत पुराने शहर के दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर नगर निगम मूर्तियों के लिए स्टॉल लगाएगा। पूजा के बाद लोग मूर्तियां इन स्टॉल तक ला सकेंगे, जिसके बाद निगम उनका सामूहिक रूप से विसर्जन करेगा। कई स्थानों पर स्टॉल बनाए भी जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें: CJP ने CEC ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया, इस्तीफा नहीं तो देशभर में आंदोलन की चेतावनी
7 प्रमुख घाटों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा और आर्च ब्रिज के घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम से भी इन घाटों पर नजर रखी जाएगी। इन घाटों पर दो दिन में डेढ़ हजार से ज्यादा मूर्तियों का विसर्जन हो चुका है।
13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखार रहेंगे तैनात
विसर्जन के दौरान भक्तों को पानी में उतरने से रोका जाएगा। मूर्तियों के विसर्जन के लिए 13 क्रेन और 12 पोकलेन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से मूर्तियों का विसर्जन कर सकें और घाटों पर भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके।
लाइफ जैकेट और तैराक भी रहेंगे तैनात
सभी घाटों पर लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ट्यूब, रस्सी बंडल और पीए सिस्टम के साथ नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैराकों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
चल समारोह के कारण सुरक्षा रहेगी चुनौती
लोग विसर्जन जुलूस और चल समारोह निकालकर घाटों तक पहुंचेंगे। ऐसे में घाटों पर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती रहेगी, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: 9 मौतों के बाद सामने आया काला चिट्ठा, 61 चालान ने खोली सिस्टम की पोल
1090 एलईडी फ्लड लाइट से रोशन होंगे घाट
निगम के अनुसार प्रेमपुरा, रानी कमलापति, शाहपुरा, खटलापुरा, हथाईखेड़ा, मालीखेड़ी और बैरागढ़ विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए 1090 एलईडी फ्लड लाइट्स लगाई गई हैं। वहीं, चल समारोह के मार्गों पर 575 फ्लड लाइट्स अतिरिक्त रूप से लगाई गई हैं।




















