Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग पर बड़ा दावा - Megaspeed की Alice Huang से रोमांटिक संबंध, चीन के लिए जासूसी का शक

न्यूयॉर्क। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के मेगास्पीड की एक एग्जीक्यूटिव ऐलिस हुआंग के साथ रोमांटिक संबंध थे। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि ऐलिस हुआंग को चीन के लिए जासूसी करने के लिए काम पर रखा गया था। यह दावा इस साल की शुरुआत में लिखे गए एक सरकारी मेमो में किया गया है जो अमेरिकी खुफिया एजेंसियों द्वारा जुटाई गई जानकारी पर आधारित है।
ट्रंप-शी समिट से पहले शेयर हुआ था मेमो
'फाइनेंशियल टाइम्स' के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मई में शी जिनपिंग के साथ शिखर सम्मेलन के लिए बीजिंग जाने से ठीक पहले यह मेमो कुछ शीर्ष अधिकारियों के एक छोटे समूह के साथ साझा किया गया था। माना जाता है कि ऐलिस हुआंग को चीन की मुख्य खुफिया एजेंसी 'मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी' ने काम पर रखा था।
आरोप पर टिप्पणी करने से इंकार किया
एनवीडिया ने इस मेमो या रोमांटिक संबंधों के दावे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। कंपनी ने पहले कहा था कि जेन्सेन हुआंग हर साल "हजारों ग्राहकों के एग्जीक्यूटिव्स" से मिलते हैं। व्हाइट हाउस और CIA ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की और ऐलिस हुआंग से संपर्क नहीं हो सका। न तो उन पर और न ही मेगास्पीड पर किसी अपराध का आरोप लगाया गया है। बता दें कि दोनों 'हुआंग' आपस में रिश्तेदार नहीं हैं।
Megaspeed और Nvidia का कनेक्शन
जब ऐलिस हुआंग मेगास्पीड में एक शीर्ष एग्जीक्यूटिव थीं तब कंपनी ने एनवीडिया से अरबों डॉलर का हार्डवेयर खरीदा था। ऐलिस हुआंग जिन्हें 'हुआंग ले' के नाम से भी जाना जाता है एक चीनी नागरिक हैं। वह शुरुआत के आठ महीनों तक मेगास्पीड की मैनेजिंग डायरेक्टर थीं और उन्होंने खुद को कंपनी का CEO भी बताया था। हालांकि अब वह वहां से जा चुकी हैं। इस कंपनी को 2023 में '7Road' से अलग करके बनाया गया था। '7Road' चीन की एक गेमिंग और क्लाउड कंपनी है, जिसमें चीनी सरकार की भी हिस्सेदारी है।
वॉशिंगटन रख रहा है नजर
वॉशिंगटन 2024 के आखिर से ही मेगास्पीड पर नजर रख रहा है। उस साल वाणिज्य विभाग के एक अधिकारी ने मलेशिया में इसके डेटा सेंटर का दौरा किया और पाया कि एनवीडिया के उपकरण अभी भी बक्सों में पैक थे। इससे पता चला कि हार्डवेयर वहां इंस्टॉल होने के बजाय, बस वहां से होकर गुजर रहा था। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने व्यापार रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि मेगास्पीड की मलेशियाई सिस्टर कंपनी ने जून 2024 और फरवरी 2026 के बीच एनवीडिया चिप्स वाले कम से कम 4.8 अरब डॉलर के एडवांस्ड AI उपकरण खरीदे। एनवीडिया का कहना है कि उसकी अपनी जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि चिप्स को चीन भेजा गया हो।
दोनों अधिकारियों के कई बार साथ होने से शक
इन दोनों अधिकारियों को एक से ज्यादा बार एक साथ देखा गया है। जून 2024 में 'कंप्यूटैक्स' के दौरान ताइपे के एक बार में ग्राहकों के एक समूह के साथ और मई 2025 में एक बिजनेस डिनर के बाद ताइपे के एक रेस्तरां से बाहर निकलते हुए। अमेरिकी संसद (हाउस) की तीन कमेटियां चाहती हैं कि जेन्सेन हुआंग 18 नवंबर को मेगास्पीड के साथ अपने संबंधों के बारे में स्पष्टीकरण दें। यह FT रिपोर्ट तब आई, जब रिपब्लिकन पार्टी के तीन चेयरमैन ने हुआंग से एक संयुक्त, बंद दरवाजे वाली ब्रीफिंग में शामिल होने के लिए कहा। विदेश मामलों की समिति के ब्रायन मास्ट, चीन पर बनी विशेष समिति के जॉन मूलनार और खुफिया समिति के रिक क्रॉफर्ड चाहते हैं कि वह ऐलिस हुआंग के साथ अपनी बातचीत और विदेशी जासूसी के खिलाफ एनवीडिया द्वारा किए गए सुरक्षा उपायों पर चर्चा करें। उन्होंने लिखा-यह बहुत जरूरी है कि कांग्रेस यह पता लगाए कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा किस हद तक खतरे में पड़ी है।




















