क्रूज हादसे से पहले का VIDEO :लहरों के बीच मस्ती कर रहे थे लोग, अचानक बदल गया मंजर... और कुछ ही पलों में पसरा सन्नाटा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार (30 अप्रैल) शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं और अचानक आए तूफान के कारण पर्यटकों से भरी क्रूज़ नाव संतुलन खो बैठी और पलट गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। 20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
वीडियो में दिखा हादसे से पहले का मंजर
हादसे से कुछ मिनट पहले का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पर्यटक ठंडी हवाओं और मौसम का आनंद लेते दिख रहे हैं। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि कुछ ही देर में हालात इतने खराब हो जाएंगे।
लाइफ जैकेट नहीं पहनना पड़ा भारी
वीडियो और जांच में सामने आया है कि कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। बाद में जिन लोगों ने लाइफ जैकेट पहनी, उनकी जान बचाने में मदद मिली। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा उपकरणों की वजह से करीब 25 लोगों को बचाया जा सका।
मां-बेटे की दिल दहला देने वाली कहानी
शुक्रवार को बचाव दल ने एक मां और उसके 4 साल के बेटे का शव बरामद किया। दोनों एक-दूसरे से गले लगे हुए मिले, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।
ये भी पढ़ें: थम गई सांसें, लहरों के बीच मां की पकड़ नहीं हुई ढीली... आखिर तक बेटे को सीने से चिपकाए रखा
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना के बाद से सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। पानी में कम दिखाई देने की वजह से दिक्कतें आ रही हैं। आशंका है कि नाव के मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: क्रूज में सुरक्षा नहीं, मौत का था इंतजाम...! 5 मिनट की लापरवाही पड़ गई कई जिंदगियों पर भारी
सेना की गोताखोर टीमों को आगरा से बुलाया गया। उन्होंने अब तक कई शव बरामद किए हैं और सर्च ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं।
चश्मदीदों ने क्या बताया?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौसम अचानक बिगड़ा और तेज हवाओं से पानी उफान पर आ गया। कुछ यात्रियों ने नाव को वापस मोड़ने की बात कही थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। बाद में स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से कई लोगों की जान बचाई।
ये भी पढ़ें: Jabalpur Bargi Dam : अब तक 9 मौतें, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी, PM ने जताया दुख
प्रशासन का बयान
डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल अतुल सिंह ने कहा कि नाव को तभी बाहर निकाला जाएगा जब यह सुनिश्चित हो जाए कि अंदर कोई नहीं बचा है।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, खासतौर पर लाइफ जैकेट को लेकर लापरवाही की जांच होगी।
सरकार का एक्शन और मदद का ऐलान
राज्य सरकार ने फिलहाल ऐसी सभी क्रूज़ सेवाओं पर रोक लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।











