
राजधानी भोपाल में बाघों का मूवमेंट बढ़ता ही जा रहा है। भोज मुक्त विवि और वाल्मी के बाद अब बाघ की दहशत मैनिट तक पहुंच गई है। मैनिट के हॉस्टल के पास स्टूडेंट को सोमवार रात बाघ दिखाई दिया। कॉलेज कैंपस में बाघ ने गाय का शिकार किया। प्रशासन ने सतर्कता रखते हुए कक्षाओं को रद्द करने के आदेश दे दिए हैं। साथ ही कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों को हॉस्टल से बाहर न निकलने के निर्देश भी दिए हैं।
बाइक छोड़कर भागे स्टूडेंट
बताया जा रहा है कि, सोमवार रात 11 बजे तीन स्टूडेंट बाइक से हॉस्टल जा रहे थे, तभी उन्हें बाघ अपनी ओर आता दिखाई दिया। जिसके बाद वह बाइक छोड़कर भाग गए। उन्होंने इसकी जानकारी वार्डन और गार्ड को दी। जिसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया।
भोपाल वन मंडल के डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि मैनिट के हॉस्टल नंबर 7 और 8 के पास बाघ के पग मार्क मिले है। उसने एक गाय का शिकार भी किया है। टीमें सर्चिंग के लिए लगाई गई है।
#भोपाल: मैनिट में घुसा बाघ, कॉलेज प्रबंधन ने क्लासेस की रद्द और छात्रों को हॉस्टल में रहने के दिए आदेश,बाघ ने कॉलेज परिसर में किया गाय का शिकार। देखें वीडियो#MPNews #WorldAnimalWelfareDay #tiger #PeoplesUpdate @minforestmp pic.twitter.com/19wQigBYk1
— Peoples Samachar (@psamachar1) October 4, 2022
वाल्मी में घूम रहा बाघ पहुंचा मैनिट!
इससे पहले जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) में भी बाघ कुछ दिन से दिखाई दे रहा था। मैनिट में इसी बाघ के घुसने की बात कही जा रही है। इसके पहले भोज यूनिवर्सिटी के कुलपति के बंगले में भी यह बाघ दिखाई दे चुका है। इसे टी-123 बाघिन के दो बच्चों में से एक बताया जा रहा है। यह केरवा और कलियासोत एरिया में रहते है।