सीरीज पर कब्जा :जायसवाल का शतक, RO-KO की आतिशी पारी, दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया

विशाखापट्टनम। भारत ने तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से मात देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 रन पर आउट हो गई, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने लक्ष्य को केवल 39 ओवर में ही हासिल कर लिया। यशस्वी जायसवाल मैन ऑफ द मैच रहे।
जायसवाल की दमदार ओपनिंग साझेदारी
271 रन का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने मिलकर पारी की नींव रखी। पिछले दो मैचों में संघर्ष करने वाले जायसवाल इस बार बिल्कुल अलग लय में दिखे। उन्होंने 75 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और रोहित के साथ मिलकर 155 रन की बड़ी साझेदारी की। जायसवाल 121 गेंदों में 116 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इस शतक के साथ वे तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी लगाने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बन गए।
रोहित-कोहली की विस्फोटक बल्लेबाजी
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए 75 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 20 हजार रन पूरे किए। दूसरी तरफ, नंबर तीन पर उतरे विराट कोहली (Virat Kohli) ने आते ही तेज रफ्तार से रन जुटाने शुरू कर दिए। कोहली ने सिर्फ 45 गेंदों में 65 रन ठोके। उनकी इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के देखने को मिले। जायसवाल और कोहली ने मिलकर 84 गेंदों में 116 रन जोड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। इस तरह कोहली ने तीन मैचों में 302 रन बनाए।
कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी
मैच की शुरुआत भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार तरीके से की। कुलदीप यादव ने घातक स्पेल डालते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। एकदिवसीय मैचों में उन्होंने 11वीं बार 4 विकेट लिए, जिससे वे इस उपलब्धि की सूची में भारत के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए। उनसे ऊपर अब सिर्फ अजीत अगरकर (12 बार) और मोहम्मद शमी (16 बार) हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 4 विकेट झटके।




















