आज होगा प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार!अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे बड़े नेता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट का खुलासा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह केवल 38 साल के थे। प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही यादव परिवार, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
आज लखनऊ में होगा अंतिम संस्कार
प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठधाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। परिवार की ओर से लोगों से शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से अंतिम विदाई में शामिल होने की अपील की गई है। प्रतीक यादव की पत्नी बीजेपी लीडर अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की। उन्होंने इस कठिन समय में सभी से परिवार के साथ खड़े रहने की अपील भी की।
गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे प्रतीक यादव
जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले कई सालों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT), पल्मोनरी एम्बोलिज्म और दिल से जुड़ी बीमारियां थीं।
डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक पिछले पांच-छह सालों से हाई ब्लड प्रेशर और डीवीटी के मरीज थे। हाल के दिनों में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस होने लगी थी। करीब तीन हफ्ते पहले उनके शरीर में पल्मोनरी एम्बोलिज्म की भी पुष्टि हुई थी। बताया जा रहा है कि उनकी हालत लगातार कमजोर हो रही थी और बुधवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
पोस्टमार्टम के लिए बनाया गया विशेष पैनल
प्रतीक यादव के निधन के बाद उनका पोस्टमार्टम लखनऊ के KGMU में कराया गया। पोस्टमार्टम के लिए चार डॉक्टरों का विशेष पैनल बनाया गया था। इस दौरान फॉरेंसिक टीम और एसडीएम स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है। हालांकि, उनके शरीर पर कुछ चोटों के निशान और पैर के नाखूनों पर नीले धब्बे भी पाए गए हैं। इसी वजह से मामले की जांच सावधानी से की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Prateek Yadav Death : प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, फेफड़ों में खून का थक्का जमने से रुकी सांसें
श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हुए अखिलेश यादव
भाई के निधन की खबर मिलने के बाद अखिलेश यादव बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने नम आंखों से अपने भाई को श्रद्धांजलि दी। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि यह दुख पूरे परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा है। समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी परिवार से मिलने पहुंचे।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बुधवार को प्रतीक यादव के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और परिवार को सांत्वना दी। सीएम योगी ने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति दे।
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव अक्सर राजनीति से दूर ही रहे। वह सार्वजनिक जीवन में कम दिखाई देते थे और ज्यादातर निजी जीवन में ही सक्रिय रहते थे। हालांकि, वह यादव परिवार का अहम हिस्सा थे और परिवार के साथ हमेशा जुड़े रहे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हैं और कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती रही हैं।
समर्थकों में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख है। लखनऊ स्थित आवास पर लगातार लोगों का पहुंचना जारी है। कई नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए भी श्रद्धांजलि दी है।
आज लखनऊ के बैकुंठधाम में पूरे राजनैतिक और सामाजिक माहौल के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।











