Prateek Yadav Death:पोस्टमार्टम पूरा, थोड़ी देर में घर पहुंचेगा शव, हॉस्पिटल में सपा सांसद अखिलेश, लखनऊ पहुंचीं पत्नी अपर्णा यादव

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे, बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का मंगलवार, 13 मई को निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पोस्टमार्टम पूरा, थोड़ी देर में घर पहुंचेगा शव
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है। जानकारी के मुताबिक, कुछ ही देर में शव को अस्पताल से आवास ले जाया जाएगा। इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अस्पताल में मौजूद हैं।
अस्पताल पहुंचने लगे नेता और करीबी लोग
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही लखनऊ के अस्पताल में नेताओं, रिश्तेदारों और करीबी लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। यादव परिवार से जुड़े लोग लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Vinesh Phogat : 'देवी जी जो रायता फैलाकर गई हैं…' विनेश पर सवाल होते ही तंज कस गए बृजभूषण
अपर्णा यादव पहुंचीं घर, बाहर उमड़ा जनसैलाब
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही अपर्णा यादव दिल्ली से तुरंत लखनऊ रवाना हुईं और अब अपने आवास पहुंच चुकी हैं। खबर फैलते ही उनके घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, माहौल पूरी तरह स्तब्ध और भावुक है। फिलहाल सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए घर का गेट बंद रखा गया है।
अस्पताल पहुंचते ही भावुक हुए अखिलेश यादव
प्रतीक यादव के निधन के बाद अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा। उन्होंने बताया कि प्रतीक बचपन से ही स्वास्थ्य को लेकर सजग थे और जीवन में आगे बढ़ना चाहते थे। अखिलेश ने यह भी कहा कि वह कुछ समय पहले उनसे मिले थे और उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी।
डॉक्टर ने जताई सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग की आशंका
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर ने कहा है कि यह मामला सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग यानी संदिग्ध जहर खाने का हो सकता है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि उन्हें फूड प्वाइजनिंग हुई थी या उन्होंने किसी दूसरी चीज का सेवन किया था। डॉक्टरों का कहना है कि पूरी सच्चाई जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
पारिवारिक विवाद की खबरें तेज
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद की खबरें भी सामने आ रही थीं। हालांकि, दोनों परिवार के साथ ही रह रहे थे, लेकिन पारिवारिक तनाव जारी होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
फिटनेस और समाजसेवा से जुड़ा था प्रतीक यादव का नाम
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन लखनऊ में उनका एक अलग पहचान थी। वह ‘फिटनेस प्लैनेट’ नाम के जिम के मालिक थे और फिटनेस को लेकर काफी जागरूक माने जाते थे।
इसके अलावा वह जीव आश्रय नाम की संस्था भी चलाते थे। यह संस्था स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू का काम करती थी। जानवरों के प्रति उनके लगाव को लेकर लोग अक्सर उनकी तारीफ करते थे। फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल पर ध्यान देने वाले प्रतीक यादव के अचानक निधन की खबर से लोग हैरान हैं। कई लोगों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि इतनी सक्रिय जिंदगी जीने वाला शख्स अब इस दुनिया में नहीं रहा।
यह भी पढ़ें: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द: राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, बोले- लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय
पिछले कुछ दिनों से खराब थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। हालांकि, परिवार की ओर से इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई थी। अब उनके निधन के बाद लोग लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उन्हें क्या बीमारी थी।
फिलहाल परिवार और समर्थकों के बीच गम का माहौल बना हुआ है।
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव देश के बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा राजनीति से दूरी बनाए रखी। वह अपने बिजनेस और समाजसेवा के कामों में ज्यादा सक्रिय रहते थे।
उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने फिटनेस और सामाजिक कार्यों में अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हैं और बीजेपी से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में प्रतीक यादव का निधन यादव परिवार और बीजेपी दोनों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पूरे प्रदेश में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जगत में शोक का माहौल है। कई नेताओं और सामाजिक संगठनों ने दुख जताया है।










