Prateek Yadav Death : प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, फेफड़ों में खून का थक्का जमने से रुकी सांसें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स की वजह से हुई। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद परिवार उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स होना बड़ी वजह
मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि प्रतीक यादव की हालत बड़े पैमाने पर हुए पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण गंभीर हुई। इस स्थिति में फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जम जाता है, जिससे दिल की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और सांस अचानक रुक सकती है। रिपोर्ट के अनुसार इसी वजह से कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ, जो उनकी मौत का कारण बना।
रिपोर्ट में सामने आए कई अहम तथ्य
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज की गई हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने आगे की जांच के लिए पूरे हार्ट और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिक सामग्री को फॉर्मेलिन में सुरक्षित रखा है, ताकि हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच की जा सके। इसके अलावा विसरा सैंपल को विस्तृत रासायनिक विश्लेषण के लिए संबंधित पुलिस को सौंप दिया गया है। जांच एजेंसियां अब मेडिकल रिपोर्ट और केमिकल एनालिसिस के आधार पर मामले की आगे पड़ताल करेंगी।
ये भी पढ़ें: Prateek Yadav: प्रतीक यादव की मौत पर सस्पेंस, फारेंसिक टीम ने कब्जे में लिया मोबाइल
शरीर पर मिले निशानों को लेकर भी हुआ खुलासा
रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि शरीर पर मिले सभी चोट के निशान मृत्यु से पहले के थे। ये चोट पांच से सात दिन पहले की हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि स्वास्थ्य बिगड़ने की स्थिति अचानक कैसे बनी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले को लेकर कई तरह की अटकलों पर भी विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
अंतिम संस्कार गुरुवार को होगा
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर आवास पर पहुंचा दिया गया है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है। इस दौरान समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव भी परिवार से मिलने पहुंचीं। वहीं शिवपाल यादव ने भी घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और परिजनों से मुलाकात की।
किचन में बेहोश होकर गिर पड़े थे प्रतीक
परिवार के करीबी कारोबारी मुकेश बहादुर सिंह ने उस सुबह की घटनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ी और वह घर के किचन में बेहोश होकर गिर पड़े थे। इसके बाद परिवार ने बिना देर किए उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया। मुकेश बहादुर सिंह के मुताबिक इस दौरान अपर्णा लगातार फोन पर संपर्क में थीं और स्थिति पर नजर बनाए हुए थीं।












