स्ट्रेस दूर करने के लिए महिला ने की 258 करोड़ की ऑनलाइन शॉपिंग, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

जापान में एक महिला ने अपना स्ट्रैस घटाने के लिए ऐसा कारनामा किया जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह जाएगा। जापान के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाली इस 32 साल की महिला ने अपना तनाव कम करने के लिए करीब 258 करोड़ रुपये तक की ऑनलाइन शॉपिंग के लिए ऑर्डर कर डाले। हैरानी की बात यह है कि इनमें से एक भी सामान उसके घर नहीं पहुंचा। क्योंकि यह महिला हर बार ऑर्डर करती और फिर किसी न किसी तरीके से उसे कैंसिल कर देती थी।
ऑर्डर करती थी, लेकिन डिलीवरी नहीं लेती थी
इस जापानी महिला का नाम योशिदा बताया गया है। वह जापान के एक ऑनलाइन स्टोर से एनिमे कैरेक्टर से जुड़े सामान खरीदती थी। शुरुआत में वह सामान मंगाती भी थी और डिलीवरी लेती थी। लेकिन करीब 2 साल से उसके व्यवहार में बदलाव आया। इसके बाद उसने सामान खरीदने के बजाय ऑर्डर करने और फिर उसे रद्द करने का सिलसिला शुरू कर दिया। यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा।
नकली पता देकर करवाती थी ऑर्डर कैंसिल
महिला ऑर्डर करते समय अपना सही पता नहीं देती थी। वह जानबूझकर गलत पता दर्ज कर देती थी। जब डिलीवरी कर्मचारी सामान लेकर उस पते पर पहुंचता तो वह किसी दूसरे व्यक्ति के घर की घंटी बजाता था। इसके बाद सामान महिला तक नहीं पहुंच पाता और ऑर्डर रद्द हो जाता था। कई बार उसने डिलीवरी के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया।
ये भी पढ़ें: बाइक-टैक्सी नियमों के दायरे में आएंगे Zomato, Zepto और Swiggy, हर डिलीवरी का 2% ड्राइवर वेलफेयर फंड में जाएगा
2000 से ज्यादा ऑर्डर किए कैंसिल
करीब दो साल में महिला ने 2000 से ज्यादा ऑर्डर किए। कुछ ऑर्डर में उसने सुविधा स्टोर पर भुगतान करने का विकल्प चुना, लेकिन तय समय के अंदर पैसे जमा नहीं किए। वहीं कुछ मामलों में उसने सामान घर तक पहुंचने के बाद उसे लेने से ही इनकार कर दिया। इस तरह उसके ऑर्डर बार-बार रद्द होते रहे। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने इस पूरी प्रक्रिया के लिए 238 अलग-अलग अकाउंट्स का इस्तेमाल किया था।
कंपनी को हुआ करीब 45 लाख का नुकसान
महिला की इस हरकत का असर ऑनलाइन स्टोर पर भी पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, बार-बार ऑर्डर और कैंसिलेशन के कारण शुएशा के ‘जंप कैरेक्टर्स स्टोर’ को डिलीवरी और उससे जुड़े खर्चों में करीब 75 लाख येन यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कंपनी का कहना है कि इस तरह के फर्जी ऑर्डर की वजह से उन ग्राहकों को भी परेशानी हुई, जो वास्तव में सामान खरीदना चाहते थे। कई बार वास्तविक ग्राहक किसी उत्पाद को खरीदने से वंचित रह गए क्योंकि वह फर्जी ऑर्डर में चला गया था।
तनाव दूर करने के लिए करती थी ऑनलाइन शॉपिंग
जांच के दौरान महिला ने बताया कि उसे ऑनलाइन स्टोर पर एनिमे कैरेक्टर के सामान देखना बहुत पसंद था। रोजमर्रा की जिंदगी में वह काफी तनाव महसूस करती थी। उसने बताया कि जब वह किसी सामान के उपलब्ध होने से पहले उसका ऑर्डर कर देती थी, तो उसे एक अलग तरह की खुशी और संतुष्टि मिलती थी। इससे उसका तनाव कुछ समय के लिए कम हो जाता था। महिला ने यह भी कहा कि कंपनी से उसकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और वह यह सब अपने तनाव को कम करने के लिए कर रही थी।
ये भी पढ़ें: BMW बाइक वाला युवक क्यों चला रहा था Uber? फाउंडर ने पूछा सवाल, जवाब सुनकर बदल गया नजरिया
कंपनी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शुएशा ने महिला की इस हरकत को गंभीर मामला बताया है। कंपनी का कहना है कि इससे लंबे समय तक वास्तविक ग्राहकों को नुकसान हुआ और उन्हें उत्पाद खरीदने का उचित मौका नहीं मिल पाया। कंपनी ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है। अब जापान के कानून के तहत व्यवसाय के काम में धोखाधड़ी के जरिए बाधा डालने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।




















