Assam Kaziranga Accident : ट्रक और मिनी बस की टक्कर में 26 लोगों की मौत, 17 घायल; कई की हालत गंभीर

असम के काजीरंगा में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक ट्रक ने मिनी बस को टक्कर मार दी। हादसे में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
बोकाखाट से नगांव जा रही मिनी बस को ट्रक ने मारी टक्कर
यह हादसा काजीरंगा के पास रोंगाजन इलाके में हुआ। मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
घायलों में 6 की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 17 लोगों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 6 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में कम से कम 7 लोगों की मौत की जानकारी मिली थी। मौके पर शवों को बस से बाहर निकाला जा रहा था, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका थी।
तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की आशंका
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बस पार्क के पास लागू गति प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। शुरुआती अनुमान के अनुसार, मिनी बस के ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि काजीरंगा में हुई इस दुखद दुर्घटना से वह बेहद दुखी हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।




















