सिंगरौली में मगरमच्छों के डर से तालाब पर प्रतिबंध, छठ पूजा से पहले प्रशासन का बड़ा फैसला

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में छठ पूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। चितरंगी तहसील के राजस्व ग्राम रमडिहा स्थित तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण यहां आम लोगों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम संभावित जनहानि और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाया है।
तालाब में तीन मगरमच्छ, रेस्क्यू करना हुआ मुश्किल
जिला वन मंडल अधिकारी के पत्र और कलेक्टर के निर्देश के बाद शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र कुमार द्विवेदी ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। करीब 100 मीटर लंबे और 80 मीटर चौड़े इस तालाब में पानी काफी गहरा है। इसी वजह से वन विभाग की टीम तीनों मगरमच्छों का रेस्क्यू नहीं कर सकी। छठ पूजा के दौरान तालाब पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना थी। ऐसे में लोगों के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था।
आगामी आदेश तक तालाब में प्रवेश पर रोक
एसडीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए तालाब परिक्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश के मुताबिक, आगामी आदेश तक यहां कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही तालाब परिसर में त्योहार मनाने और सामान्य गतिविधियां संचालित करने पर भी रोक रहेगी।
आदेश तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रतिबंधात्मक आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए एसडीओपी चितरंगी, सीईओ जनपद पंचायत, तहसीलदार चितरंगी और थाना प्रभारी गढ़वा को निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम देवेन्द्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि तालाब में पानी अधिक गहरा होने के कारण मगरमच्छों का रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया है। आमजन और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















