Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अब AI तय करेगा भारत के आसमान की सुरक्षा, BEL ने विकसित की AI-नेटिव एयर डिफेंस तकनीक

ऑपरेशन सिंदूर के बाद तेज हुआ Phase-III आधुनिकीकरण, इस सिस्टम के नेक्स्ट-जेनरेशन अपग्रेड के लिए जरूरी तकनीकों का विकास पूरा कर लिया है।
अब AI तय करेगा भारत के आसमान की सुरक्षा, BEL ने विकसित की AI-नेटिव एयर डिफेंस तकनीक

नई दिल्ली। जब कोई ड्रोन, क्रूज मिसाइल या लड़ाकू विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करता है, तो जवाबी कदम तय करने के लिए अब केवल कुछ सेकंड का समय मिलता है। 'इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम' (IACCS) ही वह सिस्टम है, जो इतनी तेज प्रतिक्रिया को संभव बनाता है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) का कहना है कि उसने इस सिस्टम के नेक्स्ट-जेनरेशन अपग्रेड के लिए जरूरी तकनीकों का विकास पूरा कर लिया है। इसका लक्ष्य भारतीय वायु सेना के एयर डिफेंस नेटवर्क को AI-नेटिव बनाना है। यह अपग्रेड 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद तेज किए गए तीसरे चरण (Phase-III) के आधुनिकीकरण का हिस्सा है। भविष्य के युद्ध में ड्रोन स्वार्म और सैचुरेशन अटैक की आशंका को देखते हुए किसी खतरे को पहचानने, उसे प्राथमिकता देने और उस पर जवाब देने की गति उतनी ही अहम है, जितने कि खुद हथियार। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की अहम सैन्य क्षमताओं को नुकसान पहुंचाने की पाकिस्तान की कोशिशें बुरी तरह नाकाम रहीं। इसी तरह पश्चिम एशिया और यूक्रेन के संघर्षों में भी मजबूत हवाई सुरक्षा प्रणाली की जरूरत सबसे अहम कारक बनकर उभरी है।

 क्या है नया अपग्रेड

नए वर्जन में AI-आधारित डिसीजन-सपोर्ट आर्किटेक्चर जोड़ा गया है। यह ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बड़े पैमाने पर होने वाले हमलों जैसे खतरों को रैंक करता है। इसके बाद उनके लिए सबसे उपयुक्त हथियार का सुझाव देता है। इसमें S-400 या 'प्रोजेक्ट कुशा' श्रेणी के लंबी दूरी के इंटरसेप्टर, 'आकाश-NG' जैसे मध्यम दूरी के सिस्टम या फाइटर जेट इंटरसेप्शन शामिल हो सकते हैं।

सारे डेटा को मिलाकर ऑपरेशनल पिक्चर तैयार होती है

यह सिस्टम स्वदेशी 'अरुध्र' (Arudhra) और 'अश्विनी' (Ashwini) रडार, 'नेत्र' (Netra) हवाई चेतावनी विमान, सैटेलाइट फीड और फाइटर जेट के सेंसर से मिलने वाले डेटा को एक साथ मिलाता है। इसमें इन-हाउस साइबर सुरक्षा और स्टैंडऑफ लॉन्च का पता लगाने की क्षमता भी है। इस पूरी प्रक्रिया में एक मानवीय कमांडर हमेशा शामिल रहता है। अब यह नेटवर्क 'जॉइंट एयर डिफेंस सेंटर' के माध्यम से भारतीय वायु सेना को 'आकाशतीर' (Akashteer) और नौसेना के 'त्रिगुण' (Trigun) मैरीटाइम डोमेन-अवेयरनेस नेटवर्क से जोड़ता है। इससे तीनों सेनाओं के लिए एक साझा ऑपरेशनल पिक्चर तैयार होती है।

जानें IACCS क्या है

IACCS वायु रक्षा (air defence) के लिए एक स्वचालित कमांड और कंट्रोल नेटवर्क है, जिसे भारतीय वायु सेना (IAF) द्वारा संचालित किया जाता। यह 'एयर फोर्स नेटवर्क' (AFNET) पर काम करता है जो 14 सितंबर 2010 को लॉन्च किया गया एक एन्क्रिप्टेड डिजिटल ग्रिड है। यह नेटवर्क ग्राउंड रडार, हवाई चेतावनी विमानों (airborne warning aircraft), ड्रोन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, सिविल रडार, वायु रक्षा हथियारों और कमांड नोड्स से डेटा इकट्ठा करता है। इस सिस्टम की अहमियत 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान देखने को मिली थी। IACCS ने आक्रामक और रक्षात्मक, दोनों तरह के अभियानों में तालमेल बिठाया। 12 मई को हुई एक मिलिट्री ब्रीफिंग में इसके एक नोड (हिस्से) को दिखाया गया।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts