Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में एक बाल्टी पानी के लिए खूनी संघर्ष! पांच लोगों ने मकान मालिक और उसके भाई को घेरा, सिर-चेहरे पर किए वार

इंदौर के शीतल नगर में सरकारी बोरिंग से पानी भरने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि महिला से गाली-गलौज के बाद बीच-बचाव करने आए मकान मालिक राजेश और उनके भाई संजय पर चाकू, डंडे और ईंट से हमला किया गया। संजय के सिर, चेहरे और हाथ-पैर पर चोटें आईं। बाणगंगा पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
इंदौर में एक बाल्टी पानी के लिए खूनी संघर्ष! पांच लोगों ने मकान मालिक और उसके भाई को घेरा, सिर-चेहरे पर किए वार
प्रतीकात्मक फ़ोटो

इंदौर। शहर में पानी को लेकर विवाद और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब बाणगंगा थाना क्षेत्र के शीतल नगर में सरकारी बोरिंग से पानी भरने को लेकर ऐसा बवाल हुआ कि मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि पानी भरने से रोकने पर एक महिला के साथ गाली-गलौज की गई। जब मकान मालिक और उनके भाई ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की तो आरोपियों ने चाकू, डंडे और ईंट से उन पर हमला कर दिया। हमले में मकान मालिक के भाई को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग की वापसी के लिए बढ़ा समर्थन, एलन मस्क ने भी की याचिका पर हस्ताक्षर की घोषणा  

सरकारी बोरिंग बंद करने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के शीतल नगर की है। यहां रहने वाली फरियादी सोनम परमार ने शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले में सरकारी बोरिंग लगा हुआ है। कॉलोनी में रहने वाली लक्ष्मी कुरील ने बोरिंग बंद कर दिया था। जब सोनम पानी भरने के लिए वहां पहुंचीं और लक्ष्मी से बोरिंग चालू करने तथा पानी भरने देने की बात कही तो वह भड़क गई। आरोप है कि लक्ष्मी ने सोनम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: Assam Kaziranga Accident : ट्रक और मिनी बस की टक्कर में 26 लोगों की मौत, 17 घायल; कई की हालत गंभीर

घर से चाकू लेकर पहुंची महिला

विवाद बढ़ता देख लक्ष्मी कुरील अपने घर से चाकू लेकर आ गई। स्थिति बिगड़ती देख सोनम ने अपने मकान मालिक राजेश राजोरिया को मौके पर बुलाया। राजेश वहां पहुंचे तो कुछ ही देर में लक्ष्मी के पक्ष के अन्य लोग भूरी कुरील, आकाश कुरील, विक्की कुरील और संगीता कुरील भी पहुंच गए।आरोप है कि राजेश ने सभी को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बात संभलने के बजाय और बिगड़ गई। आरोपियों ने सोनम और राजेश के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: सिंगर Dhvani Bhanushali ने बॉयफ्रेंड यश भानुशाली से की सगाई, रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर दिखाई इंगेजमेंट रिंग

भाई को फोन कर बुलाया, पहुंचते ही बरसाए डंडे

घटना के दौरान राजेश ने अपने भाई संजय राजोरिया को फोन कर जानकारी दी। संजय तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान आरोप है कि विक्की कुरील ने डंडे से संजय पर हमला कर दिया। उनके सिर, चेहरे, दाएं पैर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार किए गए।इसी बीच आकाश कुरील ने पास पड़ी ईंट उठाई और संजय की बाईं आंख के नीचे जोरदार वार कर दिया। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: India vs Pakistan U19 Final 2026: पाकिस्तान की तूफानी बल्लेबाजी, 12वें ओवर में 100 रन पूरे

पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

घटना के बाद सोनम परमार ने बाणगंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी कुरील, भूरी कुरील, आकाश कुरील, विक्की कुरील और संगीता कुरील, सभी निवासी शीतल नगर, के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts