खिलचीपुर में पहली बार निकली सामूहिक कांवड़ यात्रा, 200 श्रद्धालु पैदल पहुंचेंगे उज्जैन के महाकाल मंदिर

खिलचीपुर। नगर स्थित उकारनाथ मंदिर से बुधवार को 200 से अधिक श्रद्धालु सामूहिक कांवड़ यात्रा पर उज्जैन के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु पांच दिन में करीब 160 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बाबा महाकालेश्वर का जलाभिषेक करेंगे। सावन माह में पहली बार निकाली जा रही इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिवभजनों और जयघोष के बीच यात्रा की शुरुआत
कांवड़ यात्रा की शुरुआत उकारनाथ मंदिर से पूजा-अर्चना के साथ हुई। डीजे पर गूंजते शिवभजनों और "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से होकर रवाना हुए। रास्तेभर लोगों ने फूल बरसाकर कांवड़ियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर पेयजल, शरबत और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
पहली बार निकली सामूहिक कांवड़ यात्रा
जय श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा को सावन माह की पहली सामूहिक कांवड़ यात्रा बताया जा रहा है। समिति के अनुसार आसपास के गांवों से करीब 200 युवाओं का पंजीयन किया गया है, यात्रा खिलचीपुर से शुरू होकर जीरापुर, सुसनेर और आगर होते हुए उज्जैन पहुंचेगी। श्रद्धालु प्रतिदिन लगभग 30 किलोमीटर पैदल चलेंगे। पांचवें दिन सभी कांवड़िए महाकाल मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा के साथ चार ट्रैक्टर भी भेजे गए हैं। इनमें भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री रखी गई है, ताकि रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल
यात्रा में जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह,पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, पूर्व विधायक रामप्रसाद दांगी, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, पीसीसी सदस्य प्रेमसिंह परिहार , रतन सिंह सौंधिया कोडक्या और धीरप सौंधिया खेड़ी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
सावन में बढ़ी धार्मिक आस्था
सावन माह के दौरान भगवान शिव के प्रति आस्था को लेकर क्षेत्र में धार्मिक आयोजन लगातार हो रहे हैं। सामूहिक कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। समिति का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की यात्रा नियमित रूप स आयोजित किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: गुना: वृक्षारोपण के साथ संपन्न हुई वरिष्ठ नागरिक परिसंघ की मासिक बैठक












