गुना: वृक्षारोपण के साथ संपन्न हुई वरिष्ठ नागरिक परिसंघ की मासिक बैठक

गुना। वरिष्ठ नागरिक परिसंघ गुना की मासिक बैठक सेवा भारती द्वारा संचालित “आनंद धाम” वृद्ध आश्रम एवं वरिष्ठ जन सेवा केंद्र, कैंट गुना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर विगत माह बनाए गए आजीवन सदस्यों को भोपाल से प्राप्त परिचय पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला संयोजक दिलीप सक्सेना उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ आजीवन सदस्य पुरुषोत्तम पाराशर रहे। कोषाध्यक्ष पीएम अत्रे भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक हेगड़े जी के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद आजीवन सदस्य प्रताप सिंह परिहार ने राष्ट्रभक्ति गीत “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” प्रस्तुत किया।
संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक में संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सह सचिव मेघ सिंह नरवरिया ने सुझाव दिया कि मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। वरिष्ठ नागरिक परिसंघ की आजीवन सदस्यता के लिए सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर उमेश सक्सेना एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजीव सक्सेना ने अपनी सहमति व्यक्त की।
आनंद धाम में निवासरत संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता देवेंद्र प्रकाश दुबे ने संगठन की कार्यप्रणाली एवं गतिविधियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आगामी मासिक बैठकें कार्यकारिणी के किसी सदस्य के निवास पर आयोजित किए जाने का सुझाव भी दिया गया।
महादेव मंदिर परिसर में किया पौधरोपण
बैठक के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वरिष्ठ नागरिक परिसंघ के सदस्यों ने अपने साथ लाए फूलों के पौधे आनंद धाम परिसर स्थित महादेव मंदिर के चारों ओर रोपे। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ जनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में मंगल पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।
ये भी पढ़ें: फर्जी क्राइम ब्रांच चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला वकील निकली मास्टरमाइंड
कोषाध्यक्ष पीएम अत्रे ने किया आभार प्रदर्शन
इस अवसर पर दिलीप सक्सेना, पुरुषोत्तम पाराशर, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार श्रीवास्तव, मेघ सिंह नरवरिया, रामस्वरूप माथुर, पीएम अत्रे, बीआर स्वर्णकार, प्रताप सिंह परिहार, देवेंद्र प्रकाश दुबे, दिनेश श्रीवास्तव, उमेश सक्सेना, संजीव सक्सेना, शैलेंद्र श्रीवास्तव, असीम भटनागर, नितिन सक्सेना, रमन सक्सेना, प्रिंस श्रीवास्तव, अनिल सोनी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
Edited By: Sumit Shrivastava












