Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर की सड़कों पर उतरे 22,564 नए वाहन! हर पांचवां खरीदार EV या CNG की ओर मुड़ा

त्योहारी सीजन में इंदौर का ऑटोमोबाइल बाजार चमक उठा। अक्टूबर में शहर में रिकॉर्ड 22,564 नए वाहन रजिस्टर्ड हुए और जनवरी का रिकॉर्ड टूट गया। इनमें 16,161 दोपहिया और 4,423 कारें शामिल हैं। खास बात यह रही कि 5,029 इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों की खरीदी हुई। कुल रजिस्ट्रेशन में इनकी हिस्सेदारी 22.3 फीसदी रही। यानी हर पांचवां खरीदार EV या CNG की ओर बढ़ा।
इंदौर की सड़कों पर उतरे 22,564 नए वाहन! हर पांचवां खरीदार EV या CNG की ओर मुड़ा
प्रतीकात्मक फ़ोटो

इंदौर। त्योहारी सीजन ने इंदौर के ऑटोमोबाइल बाजार की रफ्तार बढ़ा दी है। नवरात्रि से दीपावली तक चली वाहन खरीदी की धूम का असर अब आरटीओ के आंकड़ों में भी नजर आने लगा है। अक्टूबर में शहर में कुल 22,564 नए वाहनों का पंजीयन हुआ, जो जनवरी से अक्टूबर तक किसी भी महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस बार अक्टूबर ने जनवरी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। खास बात यह है कि वाहन खरीदारों का रुझान अब केवल पेट्रोल और डीजल तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों की मांग में भी तेजी आई है। महीनेभर में कुल 5,029 ईवी और सीएनजी वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो कुल पंजीयन का 22.3 प्रतिशत है। यानी अक्टूबर में बिके लगभग हर पांच वाहनों में से एक इलेक्ट्रिक या सीएनजी श्रेणी का रहा।

ये भी पढ़ें: सैम ऑल्टमैन का बड़ा बयान, सुपरइंटेलिजेंस को नहीं सौंपना चाहिए भविष्य का कंट्रोल, इंसानों के हाथ में ही रहनी चाहिए कमान

दोपहिया वाहनों का दबदबा, हर दस में सात बाइक-स्कूटर

इंदौर आरटीओ के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सबसे ज्यादा 16,161 दोपहिया वाहनों का पंजीयन हुआ। कुल रजिस्ट्रेशन में इनकी हिस्सेदारी 71.6 प्रतिशत रही। वहीं, चार पहिया वाहनों की श्रेणी में 4,423 कारें रजिस्टर्ड हुईं, जिनकी हिस्सेदारी 19.6 प्रतिशत रही। इसके अलावा महीनेभर में 160 ट्रैक्टर, 37 कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट वाहन, 15 हार्वेस्टर और 11 निजी उपयोग की बसों का भी पंजीयन हुआ। अन्य श्रेणियों को मिलाकर 1,980 वाहनों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया गया। आंकड़ों से साफ है कि अक्टूबर में दोपहिया वाहनों ने बाजार की कुल बिक्री में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें: अमेरिका मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की हार, बोले- 'मैं चुनाव मैदान में नहीं था, होता तो भारी जीत मिलती'

पेट्रोल-ई20 वाहनों की सबसे ज्यादा मांग

ईंधन के विकल्पों के हिसाब से देखें तो अक्टूबर में पेट्रोल-ई20 श्रेणी के वाहनों की सबसे ज्यादा खरीदी हुई। इस श्रेणी में 11,504 वाहनों का पंजीयन दर्ज किया गया। सामान्य पेट्रोल श्रेणी में 4,016 और डीजल श्रेणी में 1,727 वाहन रजिस्टर्ड हुए।इसके अलावा पेट्रोल-ई20 और सीएनजी दोनों विकल्प वाले 1,629 वाहनों की खरीदी हुई। आंकड़े बताते हैं कि पेट्रोल आधारित वाहनों की मांग अब भी सबसे ज्यादा बनी हुई है, लेकिन वैकल्पिक ईंधन की ओर भी खरीदारों का रुझान बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें: Sharad Pawar Health Update: अस्पताल से डिस्चार्ज हुए शरद पवार, PM मोदी ने फोन कर जाना हाल

इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों ने भी पकड़ी रफ्तार

अक्टूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री ने भी बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। महीनेभर में 2,845 प्योर इलेक्ट्रिक वाहन और 152 बैटरी ऑपरेटेड वाहन (बीओवी) रजिस्टर्ड हुए। इस तरह कुल इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या 2,997 रही।वहीं, सीएनजी श्रेणी में केवल सीएनजी, पेट्रोल-सीएनजी और पेट्रोल-ई20/सीएनजी विकल्प वाले वाहनों को मिलाकर 2,032 रजिस्ट्रेशन हुए। इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को मिलाकर कुल संख्या 5,029 तक पहुंच गई। कुल वाहन पंजीयन में इनकी हिस्सेदारी 22.3 प्रतिशत रही। यानी अब पर्यावरण के अनुकूल और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें: इंदौर सराफा में मिलावट के नए तरीके से हड़कंप: भारी धातुओं का पाउडर मिलाकर बढ़ा रहे वजन, कसौटी और एसिड टेस्ट भी फेल

जनवरी का रिकॉर्ड तोड़कर अक्टूबर बना नंबर-1

इस साल वाहन पंजीयन के मामले में जनवरी अब तक सबसे आगे था। जनवरी में 21,705 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, लेकिन अक्टूबर में 22,564 वाहनों के पंजीयन के साथ यह रिकॉर्ड टूट गया। अक्टूबर में जनवरी की तुलना में 859 अधिक वाहन रजिस्टर्ड हुए।

इस साल के प्रमुख महीनों में वाहन पंजीयन का आंकड़ा इस प्रकार रहा:

  • अक्टूबर – 22,564 वाहन

  • जनवरी – 21,705 वाहन

  • सितंबर – 20,182 वाहन

  • जुलाई – 18,711 वाहन

  • अगस्त – 17,407 वाहन

अक्टूबर में नवरात्रि, दशहरे और दीपावली के दौरान बाजार में रही खरीदारी की तेजी ने ऑटोमोबाइल कारोबार को नई ऊंचाई दी। त्योहारी ऑफर, नई गाड़ियों की लॉन्चिंग और इलेक्ट्रिक व सीएनजी विकल्पों की उपलब्धता ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया। आरटीओ के आंकड़ों ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अक्टूबर इस साल इंदौर के वाहन बाजार के लिए अब तक का सबसे शानदार महीना रहा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts