अमेरिका में डेमोक्रेट्स की बढ़त पर ओबामा बोले- जनता ने साफ संदेश दिया, अब नुकसान रोकना होगा

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बीच पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चुनावी नतीजों को अमेरिकी जनता का स्पष्ट संदेश बताया। ओबामा ने कहा कि लोग ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो देश को बांटने के बजाय एकजुट करे और उनकी समस्याओं का ठोस समाधान दे। उन्होंने चुनाव में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों और चुनाव प्रक्रिया में योगदान देने वाले अधिकारियों व स्वयंसेवकों की भी सराहना की।
ओबामा बोले- जनता को एकजुट करने वाली राजनीति चाहिए
बराक ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी जनता ने साफ कर दिया है कि वह किस तरह की राजनीति चाहती है। लोग ऐसे नेताओं को पसंद करते हैं, जो उनकी चुनौतियों का समाधान पेश करें और समाज को बांटने के बजाय एकजुट करने का काम करें। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे देशभर में चुनाव लड़ने वाले बेहतरीन उम्मीदवारों की वजह से संभव हुए हैं। इनमें ऐसे क्षेत्र भी शामिल थे, जहां पहले जीत की संभावना कम मानी जाती थी। अलग-अलग पृष्ठभूमि और राजनीतिक विचारों से आने के बावजूद इन उम्मीदवारों ने साझा मूल्यों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ चुनाव लड़ा।
चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों का जताया आभार
ओबामा ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कराने में जुटे दोनों पार्टियों के हजारों चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण कामों में से एक को जिम्मेदारी के साथ पूरा किया।
ट्रंप प्रशासन के सामने अभी दो साल की चुनौती
ओबामा ने अपने संदेश में आगे कहा कि मौजूदा ट्रंप प्रशासन के पास अभी दो साल का कार्यकाल बाकी है। ऐसे में अब डेमोक्रेट्स को पूरी मेहनत से काम करना होगा। जहां भी पार्टी के पास अधिकार है, वहां बदलाव लाने, आगे होने वाले नुकसान को रोकने और भविष्य के लिए मजबूत नींव तैयार करने की जरूरत है। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने भी मिडटर्म चुनाव के नतीजों को स्वीकार करने की बात कही थी। चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त को अमेरिकी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।




















