कटनी में लोकायुक्त की कार्रवाई :पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, सीमांकन के लिए मांग रहा था पैसे

कटनी। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ा है। टीम ने स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया में पदस्थ पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। पटवारी एक किसान से जमीन के सीमांकन (नाप-जोख) के एवज में इस रकम की डिमांड कर रहा था।

आरोपी पटवारी, स्वयं प्रकाश मेहरा
चार बार कराया सीमांकन, फिर भी अटका रखी थी रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, कौड़िया निवासी शिकायतकर्ता शिव कुमार जायसवाल अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट-काट कर परेशान हो चुके थे। बताया गया है कि पीड़ित ने पटवारी से चार बार सीमांकन करवाया, लेकिन पटवारी हर बार बिना 'सेवा-पानी' के ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने को राजी नहीं था। रिपोर्ट दबाकर बैठना और किसान को दौड़ाना, पटवारी की आदत बन चुकी थी। अंत में परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से कर दी।
ये भी पढ़ें: MP Weather Update : 15-18 जून के बीच होगी मानसून की एंट्री, 20 जिलों में आंधी-बारिश; 5 में हीटवेव का अलर्ट
गोपनीय जांच में हुई पुष्टि
जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने तहसील क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित शिव कुमार जायसवाल ने पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को केमिकल लगे 5 हजार रुपए थमाए, वैसे ही पहले से तैयार बैठी लोकायुक्त की टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथों धर दबोचा। हाथ धुलवाते ही पटवारी के हाथ गुलाबी हो गए।
तहसील में मचा हड़कंप
सरेआम हुई इस कार्रवाई से स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले के अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में लोकायुक्त की टीम ने एक महीने में लगभग एक दर्जन से ज्यादा रिश्वत लेने वालों को पकड़ा है।
ये भी पढ़ें: MP कांग्रेस के विधायक स्पेशल फ्लाइट से बेंगलुरु जाएंगे : सिंघार का दावा-हमें 62 से ज्यादा वोट मिल सकते हैं












