खांसी में खून दिखने का कैंसर से क्या है कनेक्शन? जानें किन लक्षणों पर सतर्क होने की जरूरत

कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन इसके हर लक्षण का मतलब कैंसर होना नहीं होता। कई बार शरीर में दिखने वाले बदलाव दूसरी वजहों से भी हो सकते हैं। खांसी के साथ खून आना भी ऐसा ही एक लक्षण है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, हालांकि इसके कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं।
खांसी में खून आए तो क्यों रहें सावधान?
फेफड़ों के कैंसर में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें लगातार खांसी और खांसी के साथ खून या खून की लकीरें दिखाई देना शामिल है। हालांकि सिर्फ इस एक लक्षण के आधार पर कैंसर की पुष्टि नहीं की जा सकती। संक्रमण या फेफड़ों से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं। इसलिए ऐसी स्थिति में खुद से बीमारी का अनुमान लगाने के बजाय डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।
कैसे होता है फेफड़ों का कैंसर?
फेफड़ों की कोशिकाओं में जब असामान्य बदलाव होने लगते हैं, तो वे तेजी से बढ़ सकती हैं। धीरे-धीरे इन कोशिकाओं से ट्यूमर बन सकता है।
- नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर (NSCLC)
- स्मॉल सेल लंग कैंसर (SCLC)
इन दोनों का व्यवहार और इलाज अलग-अलग हो सकता है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में डिब्बे से खुला तेल खरीदते हैं? अब नहीं मिलेगी ये सुविधा, FDA ने खुले तेल की बिक्री पर लगाई रोक
इन लक्षणों पर भी दें ध्यान
फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्या में खांसी के अलावा ये लक्षण भी नजर आ सकते हैं:
- लगातार बनी रहने वाली या बढ़ती हुई खांसी
- सांस लेने में परेशानी
- बलगम में खून के निशान
- खांसी के साथ खून आना
- सांस लेते समय घरबराहट
- छाती या कंधे में दर्द
- बिना किसी स्पष्ट वजह के वजन कम होना
- लगातार बहुत ज्यादा थकान
- भूख कम लगना
- निगलने में परेशानी
- आवाज में भारीपन या बदलाव
- गर्दन में सूजन
- बार-बार निमोनिया होना
- उंगलियों और नाखूनों के आकार में बदलाव, जिसे फिंगर क्लबिंग कहा जाता है
- कंधे में तेज दर्द या हाथ तक फैलने वाला दर्द
कुछ लक्षण बीमारी के बढ़ने पर ज्यादा दिखाई दे सकते हैं, लेकिन हर मरीज में सभी लक्षण मौजूद हों, यह जरूरी नहीं है।
ये भी पढ़ें: First Look, Teaser और Trailer में क्या अंतर होता है? आसान भाषा में समझिए फिल्म प्रमोशन का गणित
खांसी में खून दिखे तो क्या करें?
अगर खांसते समय खून दिखाई देता है, खासकर अगर यह बार-बार हो रहा है, तो इसे सामान्य मानकर टालना ठीक नहीं है। डॉक्टर जरूरत के हिसाब से जांच और टेस्ट कर सकते हैं, जिससे खून आने की सही वजह पता चल सके। ध्यान रखें, खांसी में खून आने का मतलब सीधे तौर पर कैंसर नहीं है। संक्रमण समेत कई अन्य कारण भी इसके पीछे हो सकते हैं। सही कारण केवल मेडिकल जांच के बाद ही पता चल सकता है।
इलाज खुद से नहीं, डॉक्टर की सलाह से
अगर जांच में कोई गंभीर बीमारी सामने आती है, तो डॉक्टर उसकी स्थिति और प्रकार के अनुसार इलाज तय करते हैं। वहीं अगर कैंसर नहीं पाया जाता और कोई दूसरी समस्या सामने आती है, तो उसका भी उचित इलाज किया जा सकता है। इसलिए शरीर में लगातार बने रहने वाले या असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लेना सबसे जरूरी है।





















