छिंदवाड़ा के दो मंदिरों में चोरों का धावा, जैन मंदिर से 9 तीर्थंकरों की मूर्तियां चोरी
छिंदवाड़ा/सौंसर। बुधवार रात अज्ञात चोरों ने सौंसर नगर की सिविल लाइन स्थित जैन मंदिर और समीप स्थित भगवान सहस्रबाहु मंदिर को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार जैन मंदिर से 9 तीर्थंकर प्रतिमाएं चोरी होने की सूचना है। इसके अलावा सहस्रबाहु मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
जैन समाज ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना से नाराज जैन समाज के लोगों ने सौंसर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने समाज के लोगों को मामले में जल्द और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिया। एसडीओपी प्रियंका पांडे और थाना प्रभारी रूपलाल उइके ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस द्वारा चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से की जल्द कार्रवाई की मांग
मंदिरों में चोरी और क्षेत्र में लगातार सामने आ रही अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सौंसर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा प्रतिनिधियों ने कहा कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। चोरी की घटनाओं के कारण क्षेत्रवासियों में चिंता और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने पुलिस से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ये भी पढ़ें: सीहोर का प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर राजस्थानी-मारवाड़ी शैली में बनेगा, विधायक सुदेश राय ने मंजूर किए एक करोड़
खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेता राहुल मोहोड़ ने कहा कि सौंसर क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर जल्द रोक लगाई जानी चाहिए और पूर्व में हुई वारदातों का भी खुलासा किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान राहुल मोहोड़, दर्शन झाड़े, गोलू गजभिये, रामकृष्ण वाकोड़े, लाला पवार और सौरभ अढ़ाऊ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस अब दोनों मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें: शादी के रजिस्ट्रेशन में देर करना पड़ा भारी, डिप्टी कलेक्टर ने भैरूंदा नगर परिषद सीएमओ पर लगाया 750 रुपए जुर्माना























